ग्वालियर
ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान का सख्त एवं विशेष निर्देश 1 मई से 30 मई तक लागू रहेगा
ग्वालियर (BREAKING NEWS): भारत की जनगणना-2027 के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को ध्यान में रखते हुए ग्वालियर जिले में शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के सभी प्रकार के अवकाश पर प्रतिबंध लगाया गया है। यह प्रतिबंध एक मई से 30 मई 2026 तक प्रभावी रहेगा।
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है
कलेक्टर रुचिका चौहान का सख्त निर्देश—बिना अनुमति नहीं मिलेगा अवकाश
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसे समय-सीमा में पूर्ण करना अत्यंत आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी शासकीय कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगाई गई है।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में सामान्य परिस्थितियों में किसी भी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। हालांकि, यदि किसी कर्मचारी को विशेष परिस्थितियों में अवकाश की आवश्यकता होती है, तो उसे कलेक्टर से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। अनुमति मिलने के बाद ही अवकाश स्वीकृत किया जा सकेगा।
इसके साथ ही सभी विभाग प्रमुखों, कार्यालय प्रमुखों और प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य को पूर्ण कराएं। प्रशासन ने इस कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों से पूर्ण सहयोग की अपेक्षा की है।
