मुरैना ,
मुरैना (HRIDAY STAMBH);
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के नैनागढ़ रोड पर स्थित एक चार मंजिला मकान की चौथी मंजिल से एक महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे छलांग लगा दी। घटना सोमवार सुबह तड़के करीब 4 बजे की है, जिसका एक दहला देने वाला वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस घटना ने सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों और पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। फिलहाल महिला की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और दिल्ली के एक अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह तड़के करीब 4 बजे नैनागढ़ रोड पर स्थित एक चार मंजिला इमारत की चौथी मंजिल पर एक महिला अचानक आ गई और नीचे कूदने का प्रयास करने लगी।
चीख-पुकार और मिन्नतें के बीच जब महिला को चौथी मंजिल के मुंडेर पर खड़े देखा गया, तो नीचे खड़े उसके पति और बेटे की सांसें अटक गईं। वे लगातार हाथ जोड़कर और रोते हुए चिल्ला रहे थे— “मां ऐसा मत करो… मां रुक जाओ… मां हमारी बात मानो।”
स्थानीय लोगों की कोशिशें नाकाम रही सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले कुछ लोग वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने और आस-पड़ोस के घरों की छतों पर जमा हुई महिलाओं ने भी शोर मचाकर महिला को समझाने और रोकने की पूरी कोशिश की। हर कोई उसे यही कह रहा था कि “रुक जाओ, ऐसा मत करो।”
नीचे खड़े लोग और परिजन उसे बचाने की उम्मीद लगाए हुए थे, लेकिन कुछ ही पलों में महिला ने किसी की एक न सुनी और चौथी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। महिला को नीचे गिरते देख मौके पर मौजूद लोगों की चीख निकल गई ,अस्पताल में गंभीर हालत, दिल्ली रेफर
घटना के तुरंत बाद पति और बेटे ने बिना एक पल गंवाए गंभीर रूप से घायल महिला को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे ग्वालियर या सीधे दिल्ली रेफर कर दिया। वर्तमान में दिल्ली के एक अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है, जहां उसकी स्थिति अभी भी बेहद गंभीर बनी हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरी घटना का एक वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर सामने आया, जो अब तेज़ी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक महिला मकान की ऊंचाई पर खड़ी है और नीचे खड़े परिजन व राहगीर उसे बचाने के लिए गुहार लगा रहे हैं। इस वीडियो को देखने वाले हर शख्स की रूह कांप रही है और लोग परिवार की इस विपदा पर दुख व्यक्त कर रहे हैं।
पुलिस की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किन कारणों के चलते महिला को ऐसा खौफनाक कदम उठाना पड़ा। परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस दुखद हादसे के पीछे की असल वजह सामने आ सके।

