डबरा में स्पा सेंटर पर आधी रात पुलिस का छापा, दो युवक हिरासत में; नाबालिग किशोरी मिलने से मचा हड़कंप

डबरा/भितरवार

 

डबरा,

डबरा(HRIDAY STAMBH);

शहर के ग्वालियर रोड पर संचालित एक स्पा सेंटर में कथित अनैतिक गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद रविवार देर रात डबरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापामार कार्रवाई की। पुलिस की अचानक दबिश से स्पा सेंटर में हड़कंप मच गया। तलाशी के दौरान पुलिस को मौके से दो युवक और एक नाबालिग किशोरी मिली। नाबालिग किशोरी की मौजूदगी सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं किशोरी को महिला सुरक्षा के बीच उसके घर के लिए रवाना कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार डबरा के ग्वालियर रोड पर कियोरा स्पा सेंटर के नाम से एक स्पा सेंटर संचालित किया जा रहा था। रविवार देर रात सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा को सूचना मिली कि स्पा सेंटर में स्पा की आड़ में कथित रूप से अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया। वरिष्ठ अधिकारियों से कार्रवाई के निर्देश मिलने के बाद एसडीओपी सौरभ

कुमार और सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस टीम ने स्पा सेंटर के अंदर पहुंचकर जांच की तो वहां दो युवक और एक युवती मौजूद मिली। पुलिस की जांच में युवती के नाबालिग होने की जानकारी सामने आई। बताया गया है कि किशोरी उत्तर प्रदेश की रहने वाली है। नाबालिग की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस ने उसकी सुरक्षा को प्राथमिकता दी और महिला सुरक्षा व्यवस्था के साथ उसे उसके घर भेजने की कार्रवाई की।

वहीं मौके से मिले दोनों युवकों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने पहुंचाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इनमें से एक युवक कानपुर का रहने वाला है, जबकि दूसरा डबरा का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस दोनों से स्पा सेंटर में उनकी मौजूदगी, वहां संचालित गतिविधियों और नाबालिग किशोरी के वहां पहुंचने के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

नाबालिग की मौजूदगी ने बढ़ाई मामले की गंभीरता

स्पा सेंटर में नाबालिग किशोरी मिलने के बाद पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से जांच रही है। जांच का प्रमुख बिंदु यह है कि किशोरी स्पा सेंटर तक कैसे पहुंची, उसे वहां किस उद्देश्य से लाया गया था और क्या इसके पीछे कोई संगठित गतिविधि संचालित हो रही थी। पुलिस युवकों से पूछताछ के साथ स्पा सेंटर के संचालन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर सकती है। हालांकि, इन सभी तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

एसडीओपी बोले- दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

कार्रवाई के संबंध में एसडीओपी सौरभ कुमार ने बताया कि ग्वालियर रोड पर संचालित एक स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियों की शिकायत मिली थी। इसके बाद थाना प्रभारी संजय शर्मा के साथ पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। वहां दो युवक और एक नाबालिग किशोरी मिली। दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

शहर में स्पा सेंटरों के संचालन और उनकी गतिविधियों को लेकर इस कार्रवाई के बाद चर्चा शुरू हो गई है। खासतौर पर किसी स्पा सेंटर में नाबालिग किशोरी की मौजूदगी ने सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस की पूछताछ और जांच में इस पूरे मामले को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं और स्पा सेंटर के संचालन से जुड़े किन लोगों की भूमिका उजागर होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *