लखनऊ
राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज का देसी अंदाज़ वायरल
कार्टून देखने की आदत का किया खुलासा, बोले—“फोकस गेम पर रहता है”
लखनऊ। राजस्थान रॉयल्स के उभरते बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस आईपीएल सीजन में अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ अपने ठेठ देसी अंदाज़ के कारण भी सुर्खियों में हैं। बिहार के समस्तीपुर जिले से आने वाले वैभव ने अब तक कई प्रभावशाली पारियां खेलकर क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान खींचा है।
हालांकि लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में वह केवल 8 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन मैच के बाद उनका भोजपुरी अंदाज़ सोशल मीडिया पर छा गया। एक भोजपुरी प्रजेंटर से बातचीत करते हुए वैभव ने आगामी मैचों को लेकर अपनी रणनीति साझा की। उन्होंने कहा, “प्लान येही बा कि अच्छा करेके बा अगला मैच में, जीत के दू पॉइंट ली और आगे बढ़ी प्लेऑफ की तरफ।”
उनकी इस सहज और सादगी भरी बातचीत ने फैंस का दिल जीत लिया। सोशल मीडिया पर उनका यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उनकी जड़ों से जुड़े रहने की सराहना कर रहे हैं।
इसी दौरान वैभव ने अपने निजी जीवन से जुड़ा एक दिलचस्प खुलासा भी किया। जब उनसे पूछा गया कि इतनी कम उम्र में बड़े-बड़े गेंदबाजों का सामना करते समय उनके दिमाग में क्या चलता है, तो उन्होंने मासूमियत से जवाब दिया, “दिमाग में कुछ नहीं चलता है, लेकिन हर दिन मैच से पहले कार्टून देखते हैं। आदत है कार्टून देखने की, पर फोकस गेम पर भी रहता है।”
वैभव का यह जवाब उनके व्यक्तित्व का अनोखा पहलू सामने लाता है। एक ओर जहां वह मैदान पर परिपक्वता और प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं, वहीं मैदान के बाहर वह एक सामान्य किशोर की तरह अपनी पसंदीदा चीजों का आनंद लेते हैं।
