मुंबई
निफ्टी 205 अंक टूटा, ऑटो और सरकारी बैंक शेयरों में भारी बिकवाली
निवेशकों के 3 लाख करोड़ रुपये डूबे, कच्चे तेल की कीमतों का असर
मुंबई । अमेरिका-ईरान वार्ता में जारी गतिरोध और कच्चे तेल की कीमतों के 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने से गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई। विदेशी निवेशकों की निकासी और एशियाई बाजारों के कमजोर संकेतों ने भी बाजार पर दबाव बनाया।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 852.49 अंक (1.09 प्रतिशत) गिरकर 77,664 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 205 अंक (0.84 प्रतिशत) टूटकर 24,173.05 के स्तर पर आ गया। दिनभर बाजार में बिकवाली हावी रही और शुरुआती गिरावट के बाद बाजार संभल नहीं पाया।
सेंसेक्स ने अपने पिछले बंद 78,516 के मुकाबले 77,983 पर कमजोर शुरुआत की थी और गिरावट लगातार बढ़ती गई। वहीं निफ्टी भी 24,378 के पिछले बंद के मुकाबले 24,202 पर खुला और पूरे दिन लाल निशान में बना रहा।
सेक्टरवार प्रदर्शन की बात करें तो फार्मा और मीडिया शेयरों में कुछ खरीदारी देखने को मिली, लेकिन ऑटो सेक्टर में सबसे ज्यादा बिकवाली रही। इसके अलावा सरकारी बैंक शेयरों पर भी दबाव बना रहा। इस गिरावट का असर निवेशकों की संपत्ति पर भी पड़ा। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का मार्केट कैप घटकर 4,66,35,326 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले कारोबारी दिन 4,69,36,824 करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को एक ही दिन में करीब 3,01,498 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
यह लगातार दूसरा कारोबारी दिन है जब शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ है, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई है।
