त्योहारों से पहले हवाई सफर महंगा, बढ़ा फ्यूल सरचार्ज

देश विदेश

नई दिल्ली

एयर इंडिया की नई दरें आज से लागू, घरेलू उड़ानों पर 400 से 1,200 रुपए तक अतिरिक्त बोझ, इंडिगो पहले ही बढ़ा चुकी है शुल्क

नई दिल्ली। त्योहारी सीजन में हवाई यात्रा की तैयारी कर रहे यात्रियों को अब जेब कुछ ज्यादा ढीली करनी होगी। एटीएफ की बढ़ती कीमतों और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने फ्यूल सरचार्ज बढ़ा दिया है। नई दरें 9 अक्टूबर से होने वाली नई बुकिंग पर लागू होंगी। इंडिगो भी 6 अक्टूबर से बढ़ा हुआ फ्यूल चार्ज वसूल रही है।

एयर इंडिया की घरेलू उड़ानों में दूरी के आधार पर 400 से 1,200 रुपए तक वन-वे फ्यूल सरचार्ज लगेगा। 500 किलोमीटर तक की उड़ान पर 400 रुपए, 501 से 1,000 किलोमीटर पर 600 रुपए, 1,001 से 1,500 किलोमीटर पर 850 रुपए और 1,500 किलोमीटर से अधिक दूरी पर 1,200 रुपए अतिरिक्त देने होंगे।

विदेश यात्रा पर भी बढ़ा बोझ

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया गया है। उत्तरी अमेरिका के लिए 215 डॉलर, ऑस्ट्रेलिया के लिए 210 डॉलर, यूरोप और ब्रिटेन के लिए 135 डॉलर तथा पश्चिम एशिया और मध्य पूर्व के लिए 55 डॉलर वन-वे सरचार्ज तय किया गया है।

इंडिगो ने घरेलू उड़ानों पर दूरी के हिसाब से 375 से 1,300 रुपए तक फ्यूल चार्ज लागू किया है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी अलग-अलग श्रेणियों में शुल्क बढ़ाया गया है।

एटीएफ की कीमतों ने बढ़ाई चिंता

एयरलाइनों के मुताबिक, एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी एटीएफ की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी और पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के कारण परिचालन लागत बढ़ी है। कंपनियों का कहना है कि फ्यूल सरचार्ज के जरिए बढ़ी ईंधन लागत का कुछ हिस्सा पूरा किया जाएगा, ताकि उसका पूरा भार यात्रियों पर न पड़े। हालांकि, त्योहारी सीजन में पहले से महंगे हवाई किरायों के बीच अतिरिक्त सरचार्ज यात्रियों की यात्रा लागत और बढ़ा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *