नरवर में डबरा के युवक की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने किया थाने का घेराव

डबरा/भितरवार

डबरा (HRIDAY STAMBH): शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक शराब दुकान पर कार्यरत डबरा निवासी युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों और आक्रोशित लोगों ने नरवर थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

शराब बिक्री के दौरान हुई फायरिंग

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान पंकज (पुत्र शंकर राय), निवासी गली नंबर 4, ठाकुर बाबा मंदिर के पास, डबरा के रूप में हुई है। पंकज नरवर क्षेत्र में एक शराब दुकान पर काम करता था। परिजनों का आरोप है कि रात लगभग 11 बजे शराब बिक्री के दौरान मॉनिटरिंग टीम से जुड़े कुछ लोगों ने पंकज को गोली मार दी।

गंभीर हालत में पंकज को ग्वालियर के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

थाने का घेराव और निष्पक्ष जाँच की माँग

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, हालांकि पुलिस ने फ्लाइंग स्क्वाड के एक चालक को हिरासत में ले लिया है। मौत की खबर मिलते ही डबरा से लगभग 50 लोग नरवर पहुँचे और थाने का घेराव कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस शराब ठेकेदार और उससे जुड़े कर्मचारियों को बचाने का प्रयास कर रही है और एफआईआर दर्ज करने में देरी कर रही है।

परिजनों ने शिवपुरी पुलिस अधीक्षक (SP) श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की माँग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *