रेत से भरे ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत

भिंड

मेहगांव

 तेज रफ्तार रेत से भरे ट्रैक्टर ने युवक को कुचला, 

मेहगांव (हृदय स्तंभ/ HRIDAY STAMBH): भिंड जिले में एक बार फिर रेत माफिया के कारण एक और बेगुनाह की जान चली गई, अंचल में ऐसे हादसों से आए दिन लोगों की जाने जाती है कभी भिंड तो कभी मुरैना तो कभी ग्वालियर रेत के कारोबार ने न जाने कितनी जाने ले ली है।

भिण्ड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले गोरमी चौराहे पर एक बार फिर तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन का कहर देखने को मिला है। यहाँ रेत से भरे एक ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की इलाज के लिए ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

घर लौटने का इंतजार बन गया आखिरी पल

जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय रामकिशोर शर्मा गोरमी चौराहे पर अपने घर जाने के लिए किसी वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान रेत से भरा एक ट्रैक्टर बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए आया और उसने रामकिशोर को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर ही तड़पने लगे।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायल रामकिशोर शर्मा को आनन-फानन में नजदीकी मेहगांव अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत ग्वालियर अस्पताल के लिए रैफर कर दिया। लेकिन घाव इतने गहरे थे कि ग्वालियर पहुँचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।

अवैध रेत परिवहन और तेज रफ्तार पर उठ रहे सवाल

इस हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। ह्रदय स्तंभ संवाददाता से लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रेत से भरे ट्रैक्टरों की अंधाधुंध रफ्तार और लापरवाही पर लगाम न होने के कारण लगातार इस तरह के हादसे हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी है और आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *