DAVV के छात्रों ने जमकर उत्पात मचाया

राज्य

इंदौर

अर्धनग्न अवस्था में दारू बदनाम करती गाने पर किया डांस और तोड़फोड़ की

इंदौर (NEWS UPDATE): DAVV इंदौर के छात्रों का उत्पात करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) के आईईटी विभाग के अंतर्गत आने वाले रामानुजनम बी हॉस्टल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां रविवार रात फाइनल ईयर के छात्रों ने हॉस्टल परिसर के भीतर जमकर उत्पात मचाया। मिली जानकारी के अनुसार, इन छात्रों ने अर्धनग्न अवस्था में दारू बदनाम कर दी गाने पर डांस किया और हॉस्टल की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया। छात्रों द्वारा की गई इस तोड़फोड़ में टेबल, कुर्सी और यहां तक कि प्लास्टिक की पानी की टंकी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना से जुड़ा एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें छात्र तोड़फोड़ करते और अर्धनग्न होकर नाचते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर राकेश सिंघई ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि घटना में शामिल सभी छात्रों की पहचान की जा रही है और इन सभी पर आर्थिक दंड लगाने के साथ ही सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।

तड़के चार बजे अर्धनग्न होकर किया डांस

हॉस्टल सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो रविवार सुबह लगभग चार बजे के बाद का बताया जा रहा है। इस वीडियो में हॉस्टल परिसर के भीतर बड़ी संख्या में छात्र एकत्रित दिखाई दे रहे हैं। ये सभी छात्र अर्धनग्न हालत में थे और तेज आवाज में बज रहे दारू बदनाम कर दी गाने पर थिरक रहे थे। वीडियो के दृश्यों में साफ देखा जा सकता है कि जहां एक तरफ हॉस्टल की पहली मंजिल पर खड़े कुछ छात्र बाल्टियों में पानी भरकर नीचे मौजूद छात्रों पर डाल रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ नीचे खड़े छात्र पानी में भीगते हुए लगातार नाच रहे हैं। सुबह के वक्त हुए इस ड्रामे के कारण हॉस्टल के अन्य छात्रों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *