भोपाल/मैहर
पारा 42-43 डिग्री के पार, दिन के साथ रात में भी नहीं मिल रही राहत; मौसम विभाग की चेतावनी
भोपाल/मैहर: मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, वहीं पहली बार मौसम विभाग ने राजधानी भोपाल समेत 9 शहरों में ‘वॉर्म नाइट’ का अलर्ट जारी किया है। हालात ऐसे हैं कि अब रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही।
मैहर में तेज गर्मी को देखते हुए मैहर जिले में प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने नर्सरी से लेकर कक्षा 5वीं तक के सभी स्कूलों में 21 अप्रैल से 30 अप्रैल तक छुट्टी घोषित कर दी है। यह आदेश सभी सरकारी, प्राइवेट, सीबीएसई और केंद्रीय विद्यालयों पर लागू होगा। वहीं कक्षा 6वीं से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगी, जबकि शिक्षकों को दोपहर 1:30 बजे तक स्कूल में उपस्थित रहना होगा। पहले से निर्धारित परीक्षाएं और अन्य कार्यक्रम यथावत जारी रहेंगे।
9 शहरों में ‘वॉर्म नाइट’ का अलर्ट
मौसम विभाग ने भोपाल, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में ‘वॉर्म नाइट’ का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, जब रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहता है और दिन का तापमान 40 डिग्री या उससे ऊपर बना रहता है, तो उसे ‘वॉर्म नाइट’ कहा जाता है। इस स्थिति में रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिलती।
इन जिलों में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी
बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में तापमान रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया—
खजुराहो (छतरपुर) – 43°C
ग्वालियर – 42.5°C
दतिया – 42.3°C
सीधी, रतलाम – 42.2°C
श्योपुर, रीवा – 42°C
रायसेन – 41.6°C
नौगांव – 41.5°C
नरसिंहपुर – 41.4°C
दिन के साथ रात में भी बढ़ी तपिश
प्रदेश में तेज धूप और लू के साथ-साथ अब रात का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। इससे लोगों को 24 घंटे गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का खास ध्यान रखने की सलाह दी है।
