जबलपुर
कैफे की आड़ में सोफे वाले ‘सीक्रेट केबिन’, 400 रुपये घंटे का खेल! जबलपुर पुलिस के छापे में 5 स्पा सेंटर सील
जबलपुर (NEWS UPDATE):जबलपुर पुलिस और नगर निगम ने कैफे और स्पा सेंटरों पर बड़ी कार्रवाई की है। कैफे के भीतर 300-400 रुपये प्रति घंटे किराए पर मिलने वाले अवैध केबिन मिले हैं।
कैफे और स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे अवैध कारोबार और अनैतिक गतिविधियों पर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने शहर के कई प्रमुख इलाकों में एक साथ छापेमारी कर 5 अवैध कैफे और स्पा सेंटरों को सील कर दिया।
इन इलाकों में एक साथ पड़ी रेड, मची अफरा-तफरी
पुलिस को पिछले कुछ समय से शहर के कैफे में नशा कराने, अनैतिक गतिविधियों और स्पा सेंटरों में गलत काम होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद एएसपी अनु बेनीवाल के नेतृत्व में पुलिस और नगर निगम की टीम ने एक साथ रणनीति बनाकर रेड मारी।
यह कार्रवाई नेपियर टाउन, राइट टाउन, रसल चौक, इनकम टैक्स चौराहा और गोहलपुर क्षेत्र में एक साथ की गई।
300 से 400 रुपये घंटे में मिलते थे सोफे वाले ‘सीक्रेट केबिन’
एएसपी अनु बेनीवाल ने बताया रसल चौक स्थित डीएक्स कैफे में जांच के दौरान कैफे के भीतर बनाए गए अवैध केबिन भी मिले हैं। इन अवैध केबिन में सोफा आदि लगे हुए थे और जानकारी मिली है कि इन अवैध केबिन को 300 से 400 रुपये प्रति घंटे के हिसाब से किराए पर दिया जाता है।
पुलिस के अनुसार यह भवन निर्माण नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। मौके से संदिग्ध सामग्री और उपस्थिति रजिस्टर भी जब्त किए गए हैं।
दुष्कर्म और अनैतिक गतिविधियों की शिकायतों पर एक्शन
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हाल के दिनों में शहर में सामने आई दुष्कर्म और अनैतिक गतिविधियों की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया है।
देर रात तक चली इस कार्रवाई के दौरान नगर निगम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 5 अवैध कैफे और स्पा सेंटरों को पूरी तरह सील (Seal) कर दिया है। पुलिस का कहना है कि शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Illegal Cafe Cabin
Spa Center Raid
