करैरा में अवैध गेहूं खरीदी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई,500 क्विंटल अनाज जब्त, गोदाम सील

शिवपुरी

शिवपुरी

शिवपुरी जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन का सख्त रुख देखने को मिला। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर करैरा क्षेत्र में अवैध गेहूं खरीदी करने वाले व्यापारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।
मछावली रोड करैरा पर लंबे समय से अवैध गेहूं खरीदी की शिकायतें प्रशासन को मिल रही थीं। इसी के मद्देनजर एसडीएम अनुराग निंगवाल के नेतृत्व में तहसीलदार ललित शर्मा और राजस्व अमले की टीम ने संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया।

बिना लाइसेंस चल रही थी खरीदी

कार्रवाई के दौरान टीम ने पाया कि कई व्यापारी बिना किसी वैध लाइसेंस और अनुमति के खुलेआम गेहूं की खरीदी कर रहे थे। अधिकारियों द्वारा दस्तावेज मांगे जाने पर संबंधित व्यापारी कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

400–500 क्विंटल गेहूं जब्त

प्रशासन ने मौके से करीब 400 से 500 क्विंटल गेहूं जब्त किया। साथ ही जिस गोदाम में यह अनाज रखा गया था, उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
जुर्माना और आगे की कार्रवाई जारी
प्रशासन ने संबंधित व्यापारियों पर जुर्माना की कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और सख्त कदम उठाए जाएंगे।

अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से अनाज खरीदी करने वाले व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *