एलिवेटेड रोड से बिगड़ी सीवर व्यवस्था पर कलेक्टर रुचिका चौहान सख्त

ग्वालियर

ग्वालियर

तीनों विभागों को समन्वय के साथ काम के निर्देश, बारिश से पहले हर हाल में सुधार के आदेश

शहर में एलिवेटेड रोड निर्माण के कारण उत्पन्न सीवर समस्याओं को लेकर कलेक्टर रुचिका चौहान ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को त्वरित और समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग मिलकर समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करें।
बाल भवन के एक्यूआई सेल में आयोजित समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग, सेतु संभाग और नगर निगम के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि स्वर्ण रेखा नदी क्षेत्र सहित कई स्थानों पर सीवर चेम्बर, ट्रंक लाइन, मैनहोल और सीवर लाइन क्षतिग्रस्त हो गई हैं तथा कई जगह मिट्टी भर जाने से स्थिति गंभीर बनी हुई है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में समस्या अधिक है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाए। उन्होंने तीनों विभागों को संयुक्त रूप से सर्वे और आकलन कर कार्ययोजना बनाने को कहा, जिसमें मिट्टी हटाने, डी-सिल्टिंग, चेम्बर मरम्मत और क्षतिग्रस्त लाइनों को सुधारने का काम चरणबद्ध तरीके से किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य की दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए और 3 दिन, 7 दिन व 10 दिन की कार्ययोजना बनाकर समय-सीमा में काम पूरा किया जाए।
कलेक्टर ने चेतावनी दी कि बारिश से पहले हर हाल में सभी कार्य पूरे किए जाएं, ताकि जलभराव की स्थिति न बने। यदि किसी भी अधिकारी या ठेकेदार द्वारा लापरवाही बरती गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त प्रदीप तोमर, मुनीष सिकरवार, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री जोगेंद्र यादव सहित अन्य अधिकारी एवं ठेकेदार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *