ग्वालियर
संगठन और समर्थक खेमों को साधने के लिए विकास संस्थाओं में नियुक्तियां
ग्वालियर भाजपा की राजनीति में लंबे समय से चल रहे संगठनात्मक समीकरणों और समर्थक खेमों के बीच राज्य शासन ने बड़ा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है। शहर की दो प्रमुख विकास संस्थाओं—ग्वालियर विकास प्राधिकरण (जीडीए) और ग्वालियर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा)—में की गई नियुक्तियों को भाजपा संगठन को साधने और सिंधिया समर्थक नेताओं को प्रतिनिधित्व देने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार भाजपा संगठन से लंबे समय से जुड़े और तोमर खेमे के करीबी माने जाने वाले मधुसूदन भदौरिया को ग्वालियर विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं सुधीर गुप्ता और वेद प्रकाश शिवहरे को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जीडीए शहर की सबसे प्रभावशाली संस्थाओं में शामिल है, ऐसे में भदौरिया की नियुक्ति को संगठन में सक्रिय पुराने कार्यकर्ताओं और नेताओं को साधने की बड़ी पहल माना जा रहा है।
वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक माने जाने वाले अशोक शर्मा को ग्वालियर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) का अध्यक्ष बनाया गया है। हरीश मेवाफरोश को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं दूसरी ओर सिंधिया समर्थक खेमे को भी संतुष्ट करने का प्रयास किया है। ग्वालियर भाजपा की राजनीति में स्थानीय संगठन और सिंधिया समर्थक नेताओं का प्रभाव लगातार बढ़ा है, ऐसे में यह नियुक्तियां संतुलन बनाने की रणनीति मानी जा रही हैं।

