वन विभाग की बड़ी कार्रवाई 40 हेक्टेयर जमीन अतिक्रमण मुक्त, 10 साल पुराना कब्जा हटाया

शिवपुरी

शिवपुरी

शिवपुरी वनमंडल के पोहरी वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 40 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। यह कार्रवाई सबरेंज भैंसरावन की धतुरिया और गढ़ा बीट में की गई, जहां पिछले करीब 10 वर्षों से अवैध कब्जा किया गया था।

वन विभाग के अनुसार, धतुरिया बीट के कक्ष क्रमांक पी.एफ. 848 और गढ़ा बीट के कक्ष क्रमांक पी.एफ. 849 में लंबे समय से अतिक्रमण था। विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पहले सभी संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया। इसके बाद बेदखली आदेश पारित कर कब्जा हटाने की कार्रवाई अमल में लाई गई।

12 अतिक्रमणकारियों से खाली कराई जमीन

इस अभियान के तहत बब्बू गुर्जर, सुगीम गुर्जर, कन्हैया गुर्जर, दिनेश भील, संतोष भील सहित करीब 12 लोगों द्वारा किए गए अवैध कब्जे हटाए गए। यह कार्रवाई भारतीय वन अधिनियम 1927 के प्रावधानों के तहत की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में चला अभियान

पूरी कार्रवाई वनमंडलाधिकारी (सामान्य) शिवपुरी और उप वनमंडलाधिकारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। मौके पर वन परिक्षेत्राधिकारी श्रीमती श्रुति राठौर के नेतृत्व में वनपाल कन्हैया लाल राजे, नवल किशोर शर्मा, सतीश मांझी, गिर्राज शर्मा सहित वन विभाग का अमला मौजूद रहा।

अवैध कब्जों पर आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि वन संपदा का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *