ग्वालियर में सख्त एक्शन मोड पर प्रशासन

ग्वालियर

ग्वालियर

पीएनजी कनेक्शन अनिवार्य, पानी-सफाई पर कलेक्टर की ‘नो कॉम्प्रोमाइज’ नीति

मैरिज गार्डन व होटलों को चेतावनी—पीएनजी नहीं तो बंद होंगे कमर्शियल सिलेंडर; गर्मी से पहले दुरुस्त हो पेयजल व्यवस्था, नाला सफाई और वायु सुधार कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने के दिए निर्देश

ग्वालियर में प्रशासन ने बुनियादी व्यवस्थाओं को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि अब लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी। कलेक्टर रुचिका चौहान ने बल्क गैस उपभोक्ताओं, खासतौर पर मैरिज गार्डन और होटल संचालकों को पीएनजी गैस कनेक्शन अनिवार्य रूप से लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि जहां पाइपलाइन उपलब्ध है, वहां कनेक्शन नहीं लेने वालों को जल्द ही कमर्शियल गैस सिलेंडर मिलना बंद हो जाएगा।
बाल भवन में आयोजित अहम बैठक में कलेक्टर ने साफ किया कि शहर में अवंतिका और राजस्थान गैस एजेंसियों द्वारा पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, इसलिए सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठान तुरंत आवेदन कर कनेक्शन लें। उन्होंने यह भी कहा कि पीएनजी गैस से संचालन आसान होगा और लंबे समय में यह अधिक सुरक्षित व सुविधाजनक साबित होगा।
कलेक्टर ने मैरिज गार्डन संचालकों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि फायर एनओसी, भवन अनुमति, पार्किंग और कचरा प्रबंधन की व्यवस्थाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं। नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
इसी बैठक में नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित अधिकारियों के साथ शहर की पेयजल, सीवर और वायु गुणवत्ता व्यवस्थाओं की भी गहन समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में किसी भी वार्ड में पानी की किल्लत नहीं होनी चाहिए। सभी हैंडपंप और ट्यूबवेल चालू रहें, उनका क्लोरीनेशन और पानी की नियमित जांच अनिवार्य रूप से की जाए।
उन्होंने कहा कि जहां जरूरत हो वहां नए बोर कराए जाएं और पानी के भंडारण के लिए टंकियां स्थापित की जाएं। टैंकरों से जलापूर्ति केवल अत्यधिक आवश्यक स्थिति में ही की जाए। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बरसात से पहले नालों की सफाई को अभियान के रूप में चलाने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि जलभराव की स्थिति किसी भी हालत में नहीं बननी चाहिए। साथ ही नालों में कचरा डालने से रोकने के लिए जालियां लगाने की योजना भी तैयार करने को कहा गया।
वायु सुधार कार्यक्रम पर जोर देते हुए कलेक्टर ने शहर में धूल नियंत्रण, हरियाली बढ़ाने और सार्वजनिक स्थलों पर फॉगर जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर आयुक्त प्रतीक राव, मुनीष सिकरवार सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में मैरिज गार्डन एवं होटल संचालक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *