डबरा
झांसी का शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, 4 चोरी की गाड़ियां बरामद
मैरिज गार्डन चोरी केस से खुला राज, ग्वालियर-डबरा में करता था रेकी; सिंध पुल के पास बाइक बेचने की फिराक में पकड़ा गया आरोपी
डबरा (NEWS UPDATE)। डबरा सिटी पुलिस ने वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नरेंद्र यादव निवासी रक्सा, जिला झांसी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल और दो एक्टिवा बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। हाल ही में एक मैरिज गार्डन में हुई चोरी के मामले में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई थी। इसी बीच सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा को मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध आरोपी सिंध पुल के पास चोरी की बाइक बेचने की फिराक में खड़ा है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह झांसी से आकर ग्वालियर और डबरा जैसे शहरों में पहले रेकी करता था। इसके बाद सुनसान या भीड़भाड़ वाले स्थानों से वाहन चोरी कर लेता था। आरोपी ने ग्वालियर के सिटी सेंटर और नगर निगम कार्यालय क्षेत्र से भी वाहन चोरी करना स्वीकार किया है।
चोरी के बाद अपनाता था यह तरीका
आरोपी चोरी करने के बाद वाहनों को तुरंत बेचने के बजाय पहले उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर छिपा देता था। इसके बाद ग्राहक मिलने पर उन्हें सस्ते दामों में बेच देता था, ताकि पुलिस की नजर से बच सके।
और खुलासों की उम्मीद
डबरा एसडीओपी सौरभ कुमार ने बताया कि आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ जारी है। संभावना है कि पूछताछ में और भी वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हो सकता है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर पार्क करें और संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
