दतिया,
दतिया (HRIDAY STAMBH);शहर के व्यस्ततम राजगढ़ चौराहे पर पिछले कई दिनों से हंगामा कर यातायात और दुकानदारों को परेशान कर रही एक महिला को नगर पालिका और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से हटा दिया है। कार्रवाई के दौरान महिला का सारा सामान सुरक्षित उठाकर भिजवाया गया, जिससे क्षेत्र के व्यापारियों और आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है।
अकारण बहस और हंगामे से परेशान थे लोग
स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों के अनुसार, उक्त महिला पिछले कुछ दिनों से राजगढ़ चौराहे पर डेरा डाले हुए थी। वह आने-जाने वाले लोगों, वाहन चालकों और व्यापारियों के साथ अकारण गाली-गलौज और बहस करती थी। उसके इस व्यवहार के कारण चौराहे पर आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो जाती थी और दुर्घटना का खतरा बना रहता था। व्यापारियों ने इसकी शिकायत प्रशासन से की थी।
पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त कार्रवाई
लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका की टीम और पुलिस बल राजगढ़ चौराहे पहुंचा। महिला सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में उसे समझाइश देकर हटने को कहा गया। जब महिला ने इनकार किया, तो टीम ने उसके सामान को नगर पालिका के वाहन में सुरक्षित रखवाया और उसे स्थान खाली करने के लिए राजी किया।
सुचारू हुआ यातायात
कार्रवाई के तुरंत बाद राजगढ़ चौराहे का यातायात फिर से सामान्य हो गया। स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताया है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शहर की सुरक्षा और यातायात में बाधा डालने वाले किसी भी तरह के अतिक्रमण पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

