Dabra News – अजयगढ़ में कलेक्टर ने लगाई रात्रिकालीन चौपाल

डबरा/भितरवार

डबरा 

कलेक्टर श्रीमती चौहान ने ग्रामीणों से की विस्तार से चर्चा, योजनाओं की जमीनी हकीकत को भी जाना

डबरा (HRIDAY STAMBH): ग्रामीण इलाकों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने के लिए प्रशासन एक्शन मोड में है।

शनिवार देर शाम ग्वालियर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान जिला अधिकारियों की टीम के साथ डबरा विकासखंड की पिछोर तहसील के ग्राम पंचायत अजयगढ़ पहुँचीं। यहां सिद्धबाबा की पहाड़ी पर आयोजित रात्रिकालीन चौपाल में कलेक्टर ने देर रात तक ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

विशेष बात यह रही कि कलेक्टर श्रीमती चौहान, जिला पंचायत सीईओ श्री सोजान सिंह रावत सहित जिले के सभी विभागीय अधिकारी एक साथ बस में सवार होकर इस चौपाल में पहुंचे थे।

उन्होंने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से किस प्रकार लाभ लिया जा सकता है

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने अजयगढ़ में स्थित सिद्धबाबा की पहाड़ी पर चौपाल लगाकर ग्रामीणजनों से विस्तार से चर्चा की और उनकी समस्यायें भी सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से किस प्रकार लाभ लिया जा सकता है, इस संबंध में भी जानकारी दी। रात्रिकालीन चौपाल में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के साथ सीईओ जिला पंचायत श्री सोजान सिंह रावत सहित जिले के सभी विभागीय अधिकारी एक साथ बस में रवाना होकर चौपाल पहुँचे थे।

बुजुर्गों को तुरंत पेंशन

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बताया कि ऐसे बुजुर्ग जिनकी उम्र 60 वर्ष से अधिक हो गई है और जिनके पास भूमि भी नहीं है उनको पेंशन देने का कार्य प्रदेश सरकार कर रही है। चौपाल में ही चार ऐसे बुजुर्ग जनों का चयन किया गया, जिन्हें पेंशन की पात्रता थी।

बिजली संकट का समाधान

चौपाल में गाँव की एक बस्ती में लाइट न होने की शिकायत पर जब कलेक्टर ने जानकारी ली तो विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ट्रांसफार्मर पर बिल बकाया होने के कारण लाइट उपलब्ध नहीं हो रही है।

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के कहने पर बस्ती के सभी 15 परिवारों ने बिजली बिल के बकाया का 10 प्रतिशत राशि जमा करने की सहमति दी। कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि 10 प्रतिशत राशि जमा होते ही बस्ती की विद्युत सप्लाई प्रारंभ की जाए।

चौपाल में कलेक्टर ने किसानों को भी कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जिन किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनी है, वह शिविर में ही बनवा लें। किसानों को अब खाद की उपलब्धता ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से ही होगी। उन्होंने कहा कि जो भी किसान फार्मर आईडी से वंचित हैं वे शीघ्र अपनी आईडी बनवा लें ताकि खाद प्रापत करने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

करंट से मौत पर 4 लाख की आर्थिक सहायता

ग्राम चौपाल में एक ग्रामीण जन के परिवार द्वारा कृषि कार्य करते समय विद्युत तार से करंट आने के कारण मृत्यु हो जाने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने राजस्व अधिकारी को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार कृषि कार्य करते समय किसी दुर्घटना में किसी भी किसान की मृत्यु होती है तो उसे 4 लाख रुपए की सहायता दी जाती है।

उक्त परिवार का तत्काल प्रकरण तैयार कर सहायता राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। चौपाल में ग्रामीणजनों ने गाँव की विभिन्न समस्याओं से भी कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान को अवगत कराया।

उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को तसल्ली से सुना और विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन समस्याओं का निराकरण शिविर में हो सकता है उनका निराकरण किया जाए। शेष समस्याओं के संबंध में विभागीय स्तर पर कार्रवाई कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि शासन द्वारा निर्धारित समय अनुसार किसानों को खेती-किसानी के लिये विद्युत सप्लाई उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *