मथुरा के राधारानी मंदिर रोपवे पर बवाल: सुरक्षाकर्मियों ने श्रद्धालु को बेरहमी से पीटा

देश विदेश

मथुरा 

मासूम बेटी और पत्नी के सामने की बेरहमी से पिटाई,रोती रही मासूम बेटी

मथुरा (NEWS UPDATE): बरसाना स्थित प्रसिद्ध राधारानी मंदिर से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ रोपवे (Barsana Ropeway) पर तैनात निजी सुरक्षाकर्मियों (Private Security Guards) द्वारा एक श्रद्धालु और उसके परिवार के साथ बदसलूकी और मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल (Viral Video) हो रहा है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

‘जल्दी से बचाओ, मेरे पापा का हाथ तोड़ दिया’, पत्नी को भी सुरक्षाकर्मियों ने पीटा, रहम की भीख मांगने पर भी नहीं पसीजा दिल।

बेटी और पत्नी लगाती रहीं गुहार, नहीं पसीजा गार्डों का दिल

घटना के दौरान श्रद्धालु की पत्नी और छोटी बेटी लगातार सुरक्षाकर्मियों से मारपीट बंद करने की गुहार लगाती रहीं। दोनों ने हाथ जोड़कर अनुरोध किया कि उनके परिवार के सदस्य को न पीटा जाए, लेकिन आरोप है कि गार्डों ने उनकी एक नहीं सुनी।

क्या वीडियो बनाने वाले शख्स से भी की गई अभद्रता सही ?

जब मौके पर मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने इस पूरी घटना का अपने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, तो सुरक्षा गार्ड्स ने उसके साथ भी बदसलूकी की और वीडियो रोकने का प्रयास किया। इस घटना के बाद मंदिर परिसर में मौजूद अन्य श्रद्धालुओं में भी भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

श्रद्धालु के हाथ में आई चोट

मारपीट के दौरान पीड़ित श्रद्धालु को चोटें भी आईं। बताया जा रहा है कि उसके हाथ में गंभीर चोट लगी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में मामला आगे बढ़ने से रोका गया।

टिकट को लेकर शुरू हुआ था विवाद

बरसाना थाना प्रभारीअश्वनी कुमार के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद रोपवे टिकट को लेकर शुरू हुआ था। बताया गया कि एक टिकट बच्चे द्वारा फाड़ दिए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई।

अभी तक दर्ज नहीं हुई कोई लिखित शिकायत

पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *