डबरा में पत्नी की दूसरी शादी से आहत युवक ने खुद का गला काटा

डबरा/भितरवार

डबरा

पारिवारिक तनाव और पत्नी की दूसरी शादी से आहत युवक ने उठाया खौफनाक कदम

 

डबरा (NEWS UPDATE): शहर की अंबेडकर कॉलोनी से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। परिवार के लोगों से परेशान युवक पुष्पेंद्र कुशवाह ने चाकू से अपना ही गला काट लिया।

जानकारी के अनुसार, युवक पुष्पेंद्र कुशवाह खुले मैदान में गंभीर हालत में लहूलुहान पड़ा मिला। आसपास के लोगों ने तुरंत 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एम्बुलेंस का इंतजार नहीं किया और घायल युवक को 112 वाहन से ही तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच सकी।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान एक बड़ी चुनौती यह रही कि युवक का गला कटने के कारण वह बोलने में असमर्थ था। ऐसे में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर आशिफ खान ने सूझबूझ दिखाते हुए पुलिस की मौजूदगी में घायल के बयान पर्चे पर लिखवाए।

पर्चे में दर्ज बयान के अनुसार, पुष्पेंद्र कुशवाह ने बताया कि उसकी शादी को करीब 15 साल हो चुके हैं, लेकिन संतान नहीं होने के कारण उसके परिजन उसकी पत्नी की दूसरी शादी कराने की कोशिश कर रहे हैं। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि परिजन उसका मकान हड़पना चाहते हैं। इन परिस्थितियों से आहत होकर उसने आत्महत्या का प्रयास किया।

फिलहाल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। युवक के स्वस्थ होने के बाद ही घटना के सभी पहलुओं का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *