इंदौर
सरपंच कैफे के बाहर एक युवती पर हमला
इंदौर (HRIDAY STAMBH): एक सनसनीखेज मामले में एक युवती पर जानलेवा हमला किया गया है। शहर के पॉश इलाके में स्थित एक कैफे के बाहर तीन युवतियों ने मिलकर एक युवती पर ब्लेड और कांच की बोतल से हमला कर दिया।
घायल युवती को लहूलुहान हालत में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीनों आरोपी युवतियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
सरपंच कैफे के बाहर युवती पर हमला
एमआईजी पुलिस के अनुसार नेहरू नगर की रहने वाली आरुषि नाम की युवती ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया है कि वो शनिवार को अपने दो दोस्तों के साथ सरपंच कैफे गई थी। कैफे में चाय पीने के बाद जैसे ही वो बाहर निकली तो वैष्णवी, नेहा और अच्छू नाम की युवतियों ने उस पर हमला कर दिया।
आरोपी युवतियों ने आरुषि पर ब्लेड और बोतल से हमला किया जिसमें आरुषि को गंभीर चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता के मुताबिक नेहा नााम की युवती ने उसके सिर पर जूस का कांच का गिलास मारा है और वैष्णवी ने ब्लेड से हमला किया है।
हमले की वजह: सहेली से पुराना विवाद
पुलिस को पीड़िता आरुषि ने ये भी बताया कि कुछ समय पहले आरोपी युवती वैष्णवी का उसकी एक सहेली के साथ विवाद हो गया था और मारपीट हुई थी। इस घटना के बाद उसने वैष्णवी, नेहा और अच्छू तीनों से बातचीत बंद कर दी थी। तभी से तीनों युवतियां उससे बुराई रखे हुए थीं।
शनिवार रात को सरपंच कैफे के बाहर उन्होंने पुराने विवाद को लेकर बहस की और हमला कर दिया। आरुषि के मुताबिक मौके पर मौजूद एक युवक और युवती ने किसी तरह उसे तीनों युवतियों से छुड़ाया और घायल हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तीनों युवतियों वैष्णवी, नेहा और अच्छू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है।
