बारिश का कहर: यूपी से नेपाल तक तबाही, 77 की मौत

देश विदेश

नई दिल्ली

यूपी में 56 और नेपाल में 21 की मौत, उत्तराखंड में रेड अलर्ट, ओडिशा में एक लाख से ज्यादा लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए

नई दिल्ली । देश के कई हिस्सों से लेकर पड़ोसी नेपाल और थाईलैंड तक बारिश आफत बनकर बरस रही है। मूसलाधार बारिश, बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों में बारिश और आंधी से जुड़े हादसों में 56 लोगों की मौत हुई है, जबकि नेपाल में बाढ़, भूस्खलन और बिजली गिरने से 21 लोगों की जान जा चुकी है। उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी है। ओडिशा में बाढ़ के खतरे को देखते हुए एक लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

यूपी में नदियां उफान पर

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। गाजीपुर, अयोध्या, सीतापुर और लखीमपुर खीरी समेत कई इलाकों में फसलों और मकानों को नुकसान पहुंचा है। कई नदियां खतरे के निशान के करीब या उससे ऊपर बह रही हैं। वाराणसी में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से घाटों और निचले इलाकों में पानी पहुंचने लगा है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर नावों के संचालन पर रोक लगा दी है।

पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी का दोहरा वार

उत्तराखंड में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। चमोली, रुद्रप्रयाग, चंपावत, नैनीताल और पौड़ी में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि देहरादून समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद राफ्टिंग पर रोक लगा दी गई है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में 136 पर्वतारोही, ट्रैकर्स और पोर्टर्स फंसे बताए गए हैं। एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें बचाव अभियान में जुटी हैं।

ओडिशा में बाढ़ का खतरा

बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के असर से ओडिशा के 13 जिलों में मूसलाधार बारिश हुई है। महानदी और सुवर्णरेखा समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में पानी भर गया है। प्रशासन ने एक लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। राहत शिविरों में भोजन, स्वच्छ पेयजल और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

नेपाल में भूस्खलन और हिमस्खलन

नेपाल में भी बारिश ने भारी तबाही मचाई है। पाल्पा जिले में घर पर भूस्खलन होने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। रूपन्देही और चितवन में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं और कई मकान जलमग्न हैं। सुरक्षा बलों ने अब तक 1,200 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। मनांग जिले में हिमस्खलन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हुई है और कई लोग लापता बताए जा रहे हैं।

थाईलैंड में भी भारी बारिश और बाढ़ से हजारों लोग प्रभावित हैं। राहत और बचाव अभियान में सेना को लगाया गया है। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *