श्योपुर
एसपी ने मानपुर थाने का निरीक्षण कर पुलिसिंग की समीक्षा की
श्योपुर। पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने आज रविवार को जिले के मानपुर थाने का वार्षिक निरीक्षण करते हुए थाने की व्यवस्थाओ, अभिलेख, लम्बित प्रकरणो सहित पुलिसिंग की समीक्षा की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक रहमान ने थाना परिसर का भ्रमण करते हुए थाना भवन, हवालात, मालखाना, रिकॉर्ड रूम, पुलिस कर्मचारियों के आवास एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया वहीं उन्होंने थाने में संधारित विभिन्न रजिस्टरों एवं अभिलेखों का अवलोकन करते हुए उनकी अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।
एसपी मोती उर रहमान ने निरीक्षण के दोरान थाना प्रभारी एवं समस्त स्टॉफ की समीक्षात्मक बैठक लेते हुए लंबित अपराधों, लंबित शिकायतों, मर्ग प्रकरणों, वारंटों एवं अन्य प्रकरणो की समीक्षा एवं अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लंबित मामलों में नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम, फरार एवं वारंटी आरोपियों की धरपकड़ तथा क्षेत्र में प्रभावी पुलिस गश्त को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आगामी त्योहारों एवं क्षेत्र की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए सतर्कता बरतने तथा सूचना तंत्र को मजबूत रखने पर जोर दिया। पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी भी ली।

