श्योपुर
परिजनो को हर संभव मदद का भरोसा दिया
श्योपुर। जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला शनिवार को रात्रि 7 बजे राजस्थान के अलवर जिले में सडक दुर्घटना में मृतकों के परिजनों से मिलने उनके निवास चेनपुरा में पहुचे जहां उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए शासन की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर कलेक्टर शीला दाहिमा, पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष शशांक भूषण, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य महावीर सिंह सिसौदिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष नीरज जाट, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राघवेन्द्र जाट, पूरण आर्य सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहें। प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला पीडित परिवार से मिलने के लिए उनके चैनपुरा बगवाज स्थित निवास पर पहुंचे तथा परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर उन्होंने कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा को निर्देश दिये कि शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत पीडित परिवार को लाभ प्रदान किया जायें तथा जो भी आवश्यक मदद हो वह उपलब्ध कराई जायें। इसके साथ ही उन्होंने परिवार की बालिका रागिनी आदिवासी के सिर पर हाथ रखकर दुख की इस घडी में ढांढस बंधाते हुए कहा कि शासन प्रशासन पूरी तरह से साथ है, जो भी सहायता होगी वो सुनिश्चित की जायेगी। उल्लेखनीय है कि श्योपुर जिले के चैनपुरा बगवाज निवासी एक ही परिवार के 5 लोगों सहित जिले के ग्राम नागदा निवासी वाहन चालक की वैष्णो देवी से लौटते समय राजस्थान के अलवर जिले में हुई सडक दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उक्त दुर्घटना पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा भी शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए मृतको के परिजनों को 4-4 लाख रूपये की सहायता राशि दिये जाने के निर्देश दिये गये है।
