भोपाल/राजगढ़
एक व्यक्ति ने शुरू किया, फिर बढ़ता गया कारवां
भोपाल/राजगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी में मध्यप्रदेश के राजगढ़ के युवाओं की नदी सफाई मुहिम का उल्लेख करते हुए उनके प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति से शुरू हुआ प्रयास धीरे-धीरे लोगों को जोड़ता गया और देखते ही देखते एक बड़ा कारवां बन गया। प्रधानमंत्री ने इसे जनभागीदारी की मिसाल बताते हुए स्वच्छता अभियान से जुड़ने और प्राकृतिक जलस्रोतों को साफ रखने का संदेश दिया।
2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के संदर्भ में स्वच्छता प्रयासों का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग अपने स्तर पर सफाई के लिए काम कर रहे हैं। राजगढ़ के युवाओं की नदी सफाई पहल भी इसी जनभागीदारी की भावना का उदाहरण बनी। छोटे स्तर से शुरू हुई मुहिम में जब दूसरे लोग जुड़े तो इसका दायरा बढ़ता चला गया।
प्रधानमंत्री ने इस पहल को केवल नदी की सफाई तक सीमित न मानते हुए समाज को जोड़ने वाला प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए लोगों की सामूहिक भागीदारी ही ऐसे अभियानों को मजबूती देती है।
महाकाल मंदिर में मुख्यमंत्री ने सुनी ‘मन की बात’

उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महाकाल मंदिर परिसर में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के साथ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने मध्यप्रदेश के युवाओं की नदी स्वच्छता पहल को देश के सामने रखकर जनभागीदारी की ताकत को रेखांकित किया है। ‘मन की बात’ समाज में हो रहे सकारात्मक बदलावों और जनप्रयासों को सामने लाने का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम में नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, खेल प्रतिभाओं और सांस्कृतिक विरासत सहित विभिन्न विषयों पर भी प्रधानमंत्री ने विचार रखे। इसके अलावा 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक के दस वर्ष, जनगणना प्रक्रिया और अशोक सिंहल की 100वीं जयंती का भी उल्लेख किया।



