भोपाल
भोपाल से दिल्ली तक सियासी संग्राम
भोपाल (NEWS UPDATE): मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव में उस समय सियासी माहौल गरमा गया जब कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने के बाद भोपाल विधानसभा स्थित रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय के बाहर भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच हंगामा शुरू हो गया।
मध्य प्रदेश से कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के विरोध में दिल्ली स्थित चुनाव आयोग कार्यालय के सामने कांग्रेस नेताओं का धरना जारी।
इस फैसले के साथ ही कांग्रेस मध्य प्रदेश में राज्यसभा की रेस से बाहर हो गई है और भाजपा प्रत्याशी महेश केवट की निर्विरोध जीत का रास्ता साफ हो गया है।
भोपाल विधानसभा के बाहर भारी हंगामा, भाजपा-कांग्रेस नेता आमने-सामने
भोपाल स्थित विधानसभा परिसर में रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय के बाहर उस समय माहौल गरमा गया जब मीनाक्षी नटराजन का फॉर्म निरस्त होने की खबर बाहर आई। फैसले के तुरंत बाद दफ़्तर के बाहर जमा कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं व नेताओं के बीच तीखी बहस और नारेबाजी शुरू हो गई। कांग्रेस नेताओं ने इसे “लोकतंत्र की हत्या” करार दिया है, जबकि भाजपा इसे नियमों और सच्चाई की जीत बता रही है।
दिल्ली में चुनाव आयोग के दफ्तर के बाहर कांग्रेस का धरना
इस फैसले के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। नई दिल्ली स्थित केंद्रीय चुनाव आयोग (ECI) के कार्यालय के सामने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का धरना प्रदर्शन जारी है। जयराम रमेश, केसी वेणुगोपाल, भूपेश बघेल और सचिन पायलट समेत कई दिग्गज नेता चुनाव आयोग पहुंचे हैं और फैसले पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।
क्यों खारिज हुआ मीनाक्षी नटराजन का नामांकन?
भाजपा उम्मीदवार महेश केवट के वकील संकेत गुप्ता और राज्य महासचिव राहुल कोठारी ने मीनाक्षी नटराजन के हलफनामे (Affidavit) पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई थी।
भाजपा का आरोप: कांग्रेस प्रत्याशी ने तेलंगाना (हैदराबाद) की एक अदालत में लंबित आपराधिक मामले/न्यायिक परिवाद की जानकारी अपने नामांकन पत्र में जानबूझकर छिपाई। सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस के मुताबिक यह जानकारी देना अनिवार्य था।
कांग्रेस का पक्ष: कांग्रेस सांसद विवेक तंखा और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी का कहना है कि मीनाक्षी नटराजन पर कोई FIR या आपराधिक केस दर्ज नहीं है। तेलंगाना मामले में सिर्फ एक कारण बताओ नोटिस (Show Cause Notice) मिला था, जिसे हलफनामे में दर्शाना तकनीकी रूप से जरूरी नहीं था।
रिटर्निंग ऑफिसर ने कांग्रेस के स्पष्टीकरण को पर्याप्त न मानते हुए देर शाम नामांकन खारिज करने का फैसला सुनाया।
बेंगलुरु जाने वाले विधायकों का प्लेन रनवे से लौटा
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग और हॉर्स-ट्रेडिंग (विधायकों की खरीद-फरोख्त) की आशंका को देखते हुए कांग्रेस ने अपने विधायकों को सुरक्षित रखने की बड़ी रणनीति बनाई थी।
कांग्रेस विधायकों को विशेष विमान से कांग्रेस शासित राज्य कर्नाटक (बेंगलुरु) भेजने की पूरी तैयारी हो चुकी थी और विधायक चार्टर्ड प्लेन में बैठ चुके थे। लेकिन जैसे ही मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने की पुष्टि हुई, विधायकों को ले जा रहा विमान रनवे से वापस बुला लिया गया और विधायकों को भोपाल में ही रुकने को कहा गया।
MP Rajya Sabha Election 2026
Meenakshi Natarajan Nomination Rejected
