भोपाल/जावरा,
जावरा(HRIDAY STAMBH);मध्य प्रदेश में दांपत्य जीवन में बेवफाई और पति-पत्नी के रिश्तों में दरार के हैरान करने वाले मामले लगातार सामने आ रहे हैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से “पति, पत्नी और वो” के ऐसे वाकये सामने आए हैं, जहां पत्नियों ने अपने पतियों का पीछा कर उन्हें होटल के कमरों में दूसरी महिलाओं (कथित प्रेमिकाओं) के साथ रंगेहाथों पकड़ा। जावरा से लेकर जबलपुर और रीवा तक पतियों की इस गुप्त लीला का भंडाफोड़ होने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
जावरा: कथित धार्मिक नेता की खुली पोल, पत्नी ने होटल में ही पीटा
ताजा मामला रतलाम जिले के जावरा का है, जहां खुद को धार्मिक नेता और ‘केसरिया शक्ति संगठन’ का प्रमुख बताने वाले विजय दगदी आचार्य की पोल खुल गई। विजय अपनी पत्नी से छिपकर शहर के एक होटल के कमरे में अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचे थे। शक होने पर पीछा कर रही पत्नी ने जैसे ही कमरे का दरवाजा खुलवाया, अंदर का नजारा देख उसका गुस्सा फूट पड़ा। पत्नी ने होटल के कमरे में ही पति की जमकर पिटाई कर दी। पीड़िता ने बताया कि विजय ने उससे प्रेम विवाह किया था। अब पीड़ित पत्नी ने पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
जबलपुर और रीवा भी रहे सुर्खियों में
बेवफाई और हंगामे का यह कोई अकेला मामला नहीं है:
- जबलपुर: शहर के एक नामी होटल में पत्नी ने अपने पति को अन्य महिला के साथ रंगेहाथ दबोचा था, जहां घंटों हाई-वोल्टेज ड्रामा चला।
- रीवा: रीवा जिले से भी हाल ही में ऐसे दो मामले सामने आ चुके हैं, जहां पत्नियों ने पतियों की बेवफाई का भंडाफोड़ कर मामला थाने तक पहुंचाया।
कमजोर होता सामाजिक और पारिवारिक ताना-बाना
प्रदेश में एक के बाद एक सामने आ रही इन घटनाओं ने वैवाहिक रिश्तों में घटते विश्वास और नैतिक मूल्यों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ये वीडियो जहां एक ओर चर्चा का विषय बने हुए हैं, वहीं दूसरी ओर बदलते सामाजिक ताने-बाने की ओर भी इशारा कर रहे हैं।
