मुरैना में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: विधवा महिला को 18 बीघा जमीन पर दोबारा मिला कब्जा, 4 दबंगों पर 4 लाख रुपये का जुर्माना

ग्वालियर

 

मुरैना,

मुरैना(HRIDAY STAMBH);मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने एक बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। अंबाह तहसील के ग्राम उसेथ में राजस्व न्यायालय के आदेश पर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक विधवा महिला को उसकी 18 बीघा से अधिक कृषि भूमि पर दोबारा कब्जा दिलाया।

​मुक्त कराई गई जमीन की बाजार कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके साथ ही बेदखली की इस कार्रवाई के दौरान अवैध कब्जा करने वाले 4 आरोपियों पर कुल 4 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

​राजस्व न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम उसेथ निवासी शिवा तोमर (पति स्वर्गीय रणवीर सिंह तोमर) की 18 बीघा से अधिक पैतृक कृषि भूमि पर क्षेत्र के कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। अपनी जमीन पर हक वापस पाने के लिए पीड़ित महिला ने राजस्व न्यायालय की शरण ली थी।

​मामले की विधिवत सुनवाई के बाद राजस्व न्यायालय ने जमीन से अवैध बेदखली कर वास्तविक भूमि स्वामी को कब्जा सौंपने के सख्त आदेश जारी किए थे।

​कलेक्टर के निर्देश पर मौके पर पहुंचा भारी पुलिस-प्रशासनिक बल

​कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देश एवं अंबाह एसडीएम प्रतिज्ञा शर्मा के मार्गदर्शन में तहसीलदार नरेश शर्मा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ग्राम उसेथ पहुंची। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए करीब 20 कोटवार, राजस्व निरीक्षक राजकुमार शर्मा, पटवारी पुष्पेंद्र शर्मा और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

​टीम ने मौके पर पहुंचकर सीमांकन व मेड़बंदी कराई और विधवा महिला शिवा तोमर को उनकी भूमि का वैधानिक कब्जा सौंप दिया।

​4 आरोपियों पर 1-1 लाख रुपये का अर्थदंड

​अवैध कब्जे के मामले में शामिल पाए गए 4 लोगों पर तहसीलदार द्वारा सख्त कदम उठाते हुए 1-1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है:

  1. ​किशन सिंह (पिता: प्रहलाद सिंह)
  2. ​रामकुमार सिंह (पिता: पंचम सिंह)
  3. ​ओमवीर सिंह (पिता: हरिश्चन्द्र सिंह)
  4. ​रामकुमार उर्फ वीडियो (पिता: पूरन सिंह)

​तहसीलदार नरेश शर्मा ने स्पष्ट किया कि अंबाह तहसील क्षेत्र में भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *