ग्वालियर
वार्ड स्तर पर सफाई, पेंटिंग, सीवर ढक्कन और नागरिक फीडबैक पर विशेष जोर
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को लेकर नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी तैयारियां निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार समय-सीमा में पूर्ण की जाएं, ताकि सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित हो सके।
बाल भवन स्थित एक्यूआई सेंटर में आयोजित स्वच्छता कार्यशाला में अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव, उपायुक्त मुकेश बंसल, मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. वैभव श्रीवास्तव सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, वार्ड मॉनिटर एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने वार्डों में सीटीपीटी, सीएनडी वेस्ट प्रबंधन, रोड मार्किंग, डिवाइडर मेंटेनेंस, वॉल पेंटिंग, साइन बोर्ड, पैचवर्क और कंपोस्टिंग जैसे कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से किए जाएं।
इसके साथ ही सीवर ढक्कनों की पेंटिंग, हॉकर्स जोन की सफाई और मार्किंग, फ्लाईओवर क्षेत्रों की सफाई एवं चित्रकला, शासकीय स्कूलों में शौचालयों की साफ-सफाई और डस्टबिन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक नलों पर जाली लगाने, दीवारों की पेंटिंग और प्रमुख चौराहों पर वेस्ट-टू-आर्ट संरचनाओं पर लाइटिंग की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।
निगमायुक्त ने आईईसी टीम को नागरिकों से अधिकतम फीडबैक प्राप्त करने और जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही सीटीपीटी का निरीक्षण कर चेकलिस्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के लिए भी कहा।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग दिलाई जा सके।
