20 मई को मेडिकल एसोसिएशन की हड़ताल,रहेंगे सभी मेडिकल बंद

डबरा/भितरवार

डबरा

ई-फार्मेसी के विरोध में 20 मई को दवा दुकानों का देशव्यापी बंद, डबरा में भी ठप रहेंगी सेवाएं।

डबरा (हृदय स्तंभ/ HRIDAY STAMBH)। सम्पूर्ण देशव्यापी हड़ताल के अंतर्गत डबरा की भी सभी मेडिकल दुकानें बंद का समर्थन कर बंद रहेंगी।

ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के देशव्यापी आह्वान पर आगामी 20 मई को देश समेत डबरा की सभी दवा दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। ऑनलाइन ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म की मनमानी और नियमों के उल्लंघन के विरोध में यह एक दिवसीय हड़ताल बुलाई गई है।डबरा दवा विक्रेता संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र दुबे और सचिव विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में ई-फार्मेसी संचालक नियमों में ढील का गलत फायदा उठा रहे हैं। बिना किसी भौतिक सत्यापन (फिजिकल वेरिफिकेशन) के धड़ल्ले से ऑनलाइन दवाएं बेची जा रही हैं। इतना ही नहीं, एक ही डॉक्टर के पर्चे (प्रिस्क्रिप्शन) का बार-बार इस्तेमाल कर दवाएं मंगवाई जा रही हैं।

फर्जी पर्चों से बढ़ रहा है नशे का कारोबार

संघ के पदाधिकारियों ने चिंता जताते हुए कहा कि आजकल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से फर्जी पर्चे तैयार किए जा रहे हैं। इन फर्जी पर्चों के जरिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स से भारी मात्रा में एंटीबायोटिक और नशीली दवाएं खरीदी जा रही हैं। इसके कारण समाज में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है और ‘एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस’ (AMR) जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो रही हैं, जिससे मरीजों पर दवाइयां बेअसर हो रही हैं।दवा विक्रेताओं का कहना है कि इस गंभीर मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री को भी ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया। इसी के विरोध में 20 मई को डबरा के सभी दवा विक्रेताओं ने अपनी दुकानें बंद रखने का फैसला किया है। संगठन ने आम जनता से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए जरूरी दवाएं पहले से खरीदकर रख लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *