रेत खनन माफिया पर बड़ी कार्यवाही

डबरा/भितरवार

डबरा

5 पनडुब्बियां नष्ट, 7400 घनमीटर अवैध रेत जब्त।

डबरा (हृदय स्तंभ/HRIDAY STAMBH)। खनन माफिया पर चल रही कार्रवाई में ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र में खनिज माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को सिंध नदी के घाटों पर अवैध रेत उत्खनन और भंडारण के खिलाफ संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई की। इस दौरान नदी से अवैध रेत निकाल रहीं 5 पनडुब्बियों (पण्डुब्बियों) को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके साथ ही विभिन्न गांवों से लगभग 7400 घनमीटर अवैध रूप से भंडारित रेत जब्त की गई है।

यह कार्रवाई कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर डबरा एसडीएम श्री रूपेश रतन सिंघई के नेतृत्व में की गई। एसडीएम सिंघई ने बताया कि 16 मई को सिंध नदी के किनारे विभिन्न घाटों पर अचानक जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान लिधौरा घाट पर रेत का अवैध खनन कर रही 5 पनडुब्बियों को पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिया गया। इसके अलावा टीम ने ग्राम लिधौरा, बाबूपुर और भिटोरा में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी, जहाँ अवैध रूप से जमा कर रखी गई लगभग 7400 घनमीटर रेत को जब्त किया गया।इस बडी कार्रवाई को अंजाम देने के लिए राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाई गई थी।

कार्रवाई में तहसीलदार पिछोर, तहसीलदार बिलौआ, खनिज विभाग के अधिकारी व सर्वेयर, पिछोर थाना पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) का बल शामिल रहा। स्थानीय कोटवारों ने भी टीम को सटीक लोकेशन ढूंढने में अहम भूमिका निभाई। प्रभारी खनिज अधिकारी श्री घनश्याम यादव ने चेतावनी दी है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *