धमाकों की आवाज से दहला डबरा

डबरा/भितरवार

डबरा

रेलवे लाइन के पास आजाद फैक्ट्री के सामने जंगीपुरा वार्ड 17 में भीषण आग, तीन घंटे बाद पाया गया काबू

डबरा (हृदय स्तंभ/HRIDAY STAMBH): आगजनी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे, इसी क्रम में शहर के जंगीपुरा वार्ड क्रमांक 17 में रेलवे लाइन के पास स्थित एक मकान में देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। आग लगने के दौरान घर में रखे गैस सिलेंडर एवं अन्य ज्वलनशील सामान में जोरदार धमाके हुए। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार धमाकों की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग लगातार फैलती जा रही थी, लेकिन दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए करीब तीन घंटे बाद सुबह लगभग 4 बजे आग पर काबू पाया।

घटना की सूचना पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग से मकान में रखा सामान जलकर खाक हो गया, जबकि नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *