डबरा
युवक गंभीर रूप से घायल
डबरा (हृदय स्तंभ/HRIDAY STAMBH): डबरा-भितरवार रोड पर स्थित वृंदा सहाय कॉलेज के सामने एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ। मजदूरी के लिए घर से निकले एक युवक को ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार बुरी तरह घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है।
संवाददाता को प्राप्त जानकारी के अनुसार, शैलेंद्र डबरा से भितरवार रोड स्थित एक निजी वेयरहाउस पर काम करने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर सहित मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल युवक को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद ड्यूटी डॉक्टर ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रैफर कर दिया है। फिलहाल देहात थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
