कटारिया चौराहा गाटर टूटने का मामला

डबरा/भितरवार

सीसीटीवी और पूछताछ से हुआ खुलासा, प्रतिबंध के बावजूद पुल पर घुसा भारी वाहन

डबरा :डबरा के कटारिया चौराहे स्थित रेलवे पुल पर लगे हाइट बैरियर (गाटर) टूटने के मामले में पुलिस जांच के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। प्रारंभिक स्तर पर जहां विभिन्न संगठनों द्वारा अलग-अलग आरोप लगाए जा रहे थे, वहीं अब स्पष्ट हो गया है कि यह घटना एक ट्रक चालक की लापरवाही के कारण हुई। पुलिस ने संबंधित ट्रक और उसके चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना डबरा सिटी पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान रेलवे पुल पर लगा हाइट बैरियर क्षतिग्रस्त पाया गया। जांच में सामने आया कि ट्रक क्रमांक RJ 11 GA 7989 के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बैरियर को तोड़ दिया।
गौरतलब है कि पुल की संरचनात्मक स्थिति कमजोर होने के चलते प्रशासन द्वारा पहले ही भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया था। सुरक्षा के मद्देनजर वहां हाइट बैरियर लगाए गए थे, ताकि बड़े वाहन पुल पर न चढ़ सकें। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करते हुए ट्रक चालक ने बैरियर को क्षतिग्रस्त कर दिया।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछताछ और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर ट्रक की पहचान की। इसके बाद चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 324(4), 326 (e) एवं मध्यप्रदेश संपत्ति विरूपण अधिनियम की धारा 3 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई के बाद घटना को लेकर बनी स्थिति स्पष्ट हो गई है और पहले लगाए जा रहे संदेहों पर विराम लग गया है। प्रशासन अब पुल की मरम्मत और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने की दिशा में भी कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *