गिन्नी वेड्स सनी 2: मेधा शंकर की यामी गौतम से तुलना पर आया बयान

मनोरंजन

“तुलना से कोई फर्क नहीं पड़ता”—मेधा शंकर ने कहा, यामी की प्रतिभा की करती हूं दिल से सराहना

मुंबई । बॉलीवुड में अपकमिंग फिल्म गिन्नी वेड्स सनी 2 को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इस बार फिल्म में मेधा शंकर लीड रोल में नजर आएंगी। साल 2020 में रिलीज हुई रोमांटिक कॉमेडी गिन्नी वेड्स सनी के सीक्वल के चलते मेधा की तुलना पहली फिल्म की अभिनेत्री यामी गौतम से की जा रही है।
हालांकि, मेधा शंकर ने इन तुलनाओं को साफ तौर पर खारिज कर दिया है। एक बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह की तुलना से कोई फर्क नहीं पड़ता। मेधा ने कहा कि वह यामी गौतम और आदित्य धर दोनों की बड़ी प्रशंसक हैं और उनकी प्रतिभा का सम्मान करती हैं।
यामी गौतम की तारीफ करते हुए मेधा ने कहा कि वह हमेशा से एक बेहतरीन अभिनेत्री रही हैं और कभी-कभी प्रतिभा को पहचान मिलने में समय लगता है। उन्होंने यह भी कहा कि वह खुद को किसी से तुलना नहीं करतीं और दूसरों के काम से प्रेरणा लेती हैं।
फिल्म के प्रमोशन के तहत हाल ही में तुमपे ही प्यार आ गया गाना रिलीज किया गया है, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। इस गाने का संगीत सुशांत-शंकर ने दिया है, जबकि बोल कुमार ने लिखे हैं। मेधा ने गाने को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि प्यार की गहरी भावनाओं को दर्शाने वाला अनुभव है।
गौरतलब है कि गिन्नी वेड्स सनी का पहला भाग ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुआ था, जिसमें यामी गौतम और विक्रांत मैसी ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। अब इसके सीक्वल में नई जोड़ी के साथ दर्शकों को एक ताज़ा रोमांटिक कहानी देखने को मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *