पण्डोखर (दतिया) – महर्षि नारद केवल पुराणों के एक दिव्य ऋषि ही नहीं थे, बल्कि उन्हें सृष्टि का प्रथम संवाददाता भी कहा जाता है। वे सदैव एक लोक से दूसरे लोक तक जाकर सत्य, जानकारी और संदेशों का आदान-प्रदान करते थे। उनके पास जो भी सूचना होती थी, उसे वे बिना विकृति के, समय पर और सही स्थान तक पहुँचाने का कार्य करते थे। यही कारण है कि उन्हें संचार और पत्रकारिता का आदर्श प्रतीक माना जाता है।
आज के युग में पत्रकार भी उसी परंपरा के वाहक हैं। वे समाज की आँख और कान बनकर कार्य करते हैं। एक सच्चा पत्रकार वही है जो निष्पक्षता, सत्यता और जिम्मेदारी के साथ खबरों को जनता तक पहुँचाए। जब पत्रकार अपने कर्तव्य का पालन ईमानदारी से करते हैं, तब वे समाज को जागरूक, सजग और सशक्त बनाते हैं।
महर्षि नारद की तरह ही पत्रकारों का दायित्व केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज के हित में उपयोगी और सकारात्मक सूचना का प्रसार करना भी है। उन्हें चाहिए कि वे सनसनी से ऊपर उठकर सत्य की खोज करें और जनता के विश्वास को बनाए रखें। क्योंकि जब पत्रकारिता अपने मूल्यों पर टिकी रहती है, तब ही लोकतंत्र मजबूत होता है और समाज सही दिशा में आगे बढ़ता है।
इसलिए यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि सच्चे पत्रकार महर्षि नारद के ही अंश हैं – जो ज्ञान, संवाद और सत्य के माध्यम से समाज को जोड़ते हैं और उसे प्रगति की ओर अग्रसर करते हैं। पण्डोखर धाम पीठाधीश्वर त्रिकालदर्शी संत श्री गुरुशरण जी महाराज के दिव्य सान्निध्य में सम्पन्न हो रहे 30 वें पण्डोखर धाम महोत्सव से संबंधित समाचारों को अपनी दृढ़ता और योग्यता के साथ प्रसारित और प्रकाशित करने वाले समस्त पत्रकारों को शनिवार की शाम पण्डोखर धाम के भव्य श्रद्धा मंच से सम्मानित किया गया। पत्रकार सम्मान समारोह में दतिया भांडेर सहित सुदूर अंचलों से आए पत्रकारों को अनंत विभूषित त्रिकालदर्शी संत श्री गुरुशरण जी महाराज ने कम्प्यूटर बाबा सहित अनेक संतों की उपस्थित में अंगवस्त्र और स्मृतिचिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। महाराजश्री के शिष्य , पण्डोखर धाम के संस्थापक व सचिव मुकेश कुमार गुप्ता (सागर) ने सम्मान समारोह का संचालन किया और सभी पत्रकार साथियों का अभिनंदन करते हुए उनके सहयोग के प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर पण्डोखर धाम महोत्सव के मीडिया प्रभारीद्वय प्रमोद शास्त्री एवं रवि श्रीवास्तव सहित प्रिंट , इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के अनेकों पत्रकार तथा हजारों श्रद्धालु भक्तगण उपस्थित थे।

