ग्वालियर
ग्वालियर (HRIDAY STAMBH):ग्वालियर के गोल पहाड़िया इलाके में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात के अंधेरे में आए एक नकाबपोश बदमाश ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।
बदमाश ने पेट्रोल छिड़ककर तीन कारों में आग लगा दी। इस घटना में दो गाड़ियां जलकर पूरी तरह खाक हो गईं, जबकि तीसरी कार को भारी नुकसान पहुंचा है। पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़ित कार मालिकों के अनुसार, इस आगजनी में लगभग 12 से 13 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात बदमाश के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात 2 से 3 बजे के बीच वारदात, CCTV में दिखा नकाबपोश
पीड़ित राजू कुशवाह ने पुलिस को बताया कि उनकी बलेनो कार (MP07 CF-3833) दुकान के सामने खड़ी थी। वहीं पास में ही उनके पड़ोसी बजरंगी उर्फ हनीफ खान की स्विफ्ट डिजायर (MP33 C-7258) पार्क थी।
CCTV फुटेज के मुताबिक, रात 2 से 3 बजे के बीच दबे पांव एक नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचा। उसने पहले पत्थरों से गाड़ियों के कांच तोड़े और फिर उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दोनों गाड़ियां जलकर राख हो गईं। पास खड़ी तीसरी कार भी इसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।
पुरानी रंजिश में वारदात की आशंका
राजू कुशवाह ने पुलिस को दी शिकायत में अपने पड़ोसी पर शक जताया है। राजू का कहना है कि 13 अगस्त को उनका पास में ही रहने वाले गोलू कुशवाह से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पीड़ित को आशंका है कि इसी रंजिश के चलते गोलू ने किसी बदमाश के जरिए इस वारदात को अंजाम दिलाया है।
पुलिस जांच में जुटी
जनकगंज थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और हुलिए के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि पुरानी रंजिश वाले एंगल समेत सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
