मुरैना
150 से अधिक यात्रियों और कांवड़ियों का सफल रेस्क्यू, टला बड़ा हादसा
मुरैना (HRIDAY STAMBH): मुरैना में उफनती चंबल नदी के तेज बहाव के बीच स्टीमर फंसने से हड़कंप मच गया। स्टीमर में सवार यात्रियों और कांवड़ियों की सांसें थम गईं। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली और चेहरों पर मुस्कान लौट आई। प्रशासन की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई। आपदा प्रबंधन (SDRF) के साथ नगरा, पोरसा और महुआ थाने की पुलिस टीमों ने संयुक्त राहत-बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रशासन की इस तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई।
बटेश्वर मंदिर जल चढ़ाने जा रहे थे कांवड़िए
स्टीमर में सवार अधिकांश कांवड़िए और उनके स्वजन उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध बटेश्वर मंदिर में जल चढ़ाने जा रहे थे। यह स्टीमर मध्य प्रदेश के नगरा घाट से उत्तर प्रदेश के केंजरा घाट की ओर रवाना हुआ था, तभी नदी की तेज धार में फंसकर इसका इंजन ठप हो गया।
प्रशासन की रोक के बावजूद चल रहा था अवैध स्टीमर
लगातार बारिश के कारण चंबल नदी उफान पर है। सुरक्षा कारणों से उत्तर प्रदेश प्रशासन के एसडीएम (SDM) ने घाट पर स्टीमर संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया हुआ था। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी कर अवैध रूप से स्टीमर चलाया जा रहा था।
Chambal River Steamer Rescue
