डबरा
एक पनडुब्बी मौके पर नष्ट
डबरा (HRIDAY STAMBH): जिले में अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ प्रशासन के शिकंजे की कसावट और कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के सख्त निर्देशों के बाद खनिज विभाग की टीम ने डबरा तहसील अंतर्गत सिंध नदी के घाटों पर औचक छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान बाबूपुर गांव के पास सिंध नदी से रेत के अवैध उत्खनन और भण्डारण में लगी एक पनडुब्बी को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जबकि एक अन्य पनडुब्बी और लोडर वाहन को जब्त किया गया है।
प्रभारी खनिज अधिकारी पंकज ध्वज मिश्रा ने बताया कि सिंध नदी के विभिन्न घाटों पर अवैध उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने जब बाबूपुर घाट पर दबिश दी, तो वहां अवैध रूप से रेत निकाली जा रही थी। कार्रवाई के दौरान जब्त वाहनों और उपकरणों को नजदीकी पुलिस थाने की अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
खनिज अधिनियम के तहत केस दर्ज
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में लिप्त माफियाओं के खिलाफ खनिज अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जिले में अवैध खनन को रोकने के लिए आगे भी इस तरह के सरप्राइज चेकिंग अभियान जारी रहेंगे।
