डबरा
शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई
डबरा में अतिक्रमण और ई-रिक्शा के कारण लगा भीषण जाम, 25 मिनट तक रेंगते रहे वाहन।
डबरा (हृदय स्तंभ/HRIDAY STAMBH)। जाम के साये में पलता शहर,शहर की यातायात व्यवस्था सोमवार को पूरी तरह से चरमरा गई। सुबह और शाम के समय अग्रसेन चौराहा से लेकर गीता टॉकीज चौराहा, ओवरब्रिज और उसके आसपास के इलाकों में भीषण जाम लग गया। इस जाम में सैकड़ों वाहन चालक फंसे रहे और भीषण गर्मी में अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए घंटों इंतजार करते रहे।
अग्रसेन चौराहा से गीता टॉकीज तक थमी रफ्तार, गर्मी में परेशान हुए लोग
जाम की स्थिति इतनी विकराल थी कि कई वाहन चालकों ने जल्दी निकलने के चक्कर में शहर की तंग गलियों का रुख किया। दोपहिया वाहन चालक गोवर्धन मार्केट सहित अन्य आंतरिक गलियों से होकर रास्ता तलाशते नजर आए, जिसके कारण मुख्य मार्गों के साथ-साथ रिहायशी इलाकों की गलियों में भी वाहनों का दबाव बढ़ गया। शाम के समय स्थिति और बदतर हो गई, जब मुख्य मार्ग पर लगभग 20 से 25 मिनट तक वाहन पूरी तरह थमे रहे। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों के प्रयासों से वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़े और तब जाकर कहीं यातायात सुचारू हो सका।
डबरा में रोज-रोज लगने वाले जाम की क्या है मुख्य वजह?
स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों के अनुसार, इस रोजाना लगने वाले जाम की मुख्य वजह ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों की बेतरतीब पार्किंग है। चालक अपने वाहनों को सड़क पर कहीं भी खड़ा कर देते हैं। इसके साथ ही, हाथ ठेला और गुमठी संचालक भी सड़कों पर ही दुकानें लगा लेते हैं।ओवरब्रिज के आसपास तो हालात और भी बदतर हैं। यहाँ एक तरफ जहां दुकानदारों ने अपना सामान सड़क तक फैला रखा है, वहीं दूसरी तरफ फल और सब्जी विक्रेताओं ने सड़क किनारे स्थाई रूप से कब्जा कर लिया है। सड़क चौड़ी होने के बावजूद इस अतिक्रमण के कारण वाहनों के निकलने के लिए बहुत कम जगह बचती है, जिससे दिन में कई बार जाम के हालात बन रहे हैं।
Dabra traffic jaam
