NEET Paper Leak: शिवपुरी में युवाओं का फूटा गुस्सा,कॉकरोच जनता पार्टी’ ने की शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

श्योपुर

शिवपुरी

नीट पेपर लीक मामला: कॉकरोच जनता पार्टी’ के समर्थन में उठी आवाज, शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग

शिवपुरी(हृदय स्तंभ/HRIDAY STAMBH)- नीट पेपर लीक मामले को लेकर शिवपुरी में युवाओं का गुस्सा खुलकर सामने आया। सोशल मीडिया पर चर्चित कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थन में सोमवार को युवाओं ने प्रेस वार्ता आयोजित कर शिक्षा व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार को घेरा। युवाओं ने शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की।

प्रेस वार्ता में युवा नेता विक्की यादव ने कहा कि हाल ही में सामने आए नीट पेपर लीक प्रकरण ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का भरोसा लगातार टूट रहा है और सरकार को शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।

दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग

युवाओं ने पेपर लीक मामलों में शामिल आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि वर्ष 2024 में लागू कानून में 10 साल तक की सजा और एक करोड़ रुपए तक के जुर्माने का प्रावधान होने के बावजूद ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे छात्रों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है।

नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया पर भी सवाल

प्रेस वार्ता में मध्य प्रदेश की भर्ती और परीक्षा प्रणाली में अपनाई जा रही नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए। युवाओं का कहना था कि यह प्रणाली इतनी जटिल है कि अधिकांश अभ्यर्थियों को अंक निर्धारण की प्रक्रिया समझ ही नहीं आती। उन्होंने सरकार से इसे सरल और पारदर्शी बनाने की मांग की।

सोशल मीडिया से जमीन तक पहुंचा अभियान

विक्की यादव ने बताया कि कॉकरोच जनता पार्टी फिलहाल सोशल मीडिया आधारित अभियान के रूप में सक्रिय है, जिससे बड़ी संख्या में युवा जुड़ रहे हैं। उनका दावा था कि संगठन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लाखों फॉलोअर्स और सब्सक्राइबर हैं, जो छात्र हितों और रोजगार जैसे मुद्दों पर अपनी आवाज उठा रहे हैं।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
युवाओं ने कहा कि संगठन के फाउंडर अभिजीत द्वारा शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग की गई है और वे इसका समर्थन करते हैं। उनका कहना था कि नीट पेपर लीक जैसे मामलों में जवाबदेही तय होना जरूरी है और नैतिक आधार पर जिम्मेदार लोगों को पद छोड़ देना चाहिए।

प्रदेशभर में आंदोलन की तैयारी

प्रेस वार्ता में युवाओं ने संकेत दिए कि भविष्य में संगठन राजनीतिक स्तर पर भी सक्रिय हो सकता है। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य युवाओं का भविष्य, रोजगार और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देना है। युवाओं ने बताया कि भोपाल के बाद अब शिवपुरी में यह आयोजन किया गया है और आने वाले समय में प्रदेशभर में छात्र हितों को लेकर अभियान चलाया जाएगा।

प्रेस वार्ता में विक्की यादव के साथ पुष्पेंद्र, शैलेन्द्र और शिवराम भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *