डबरा सड़क हादसा: ग्वालियर-झांसी हाईवे पर दर्दनाक दुर्घटना

डबरा/भितरवार

डबरा

भाई की गोद में दम तोड़ने वाली 12 वर्षीय शिवानी की मौत, भाई गंभीर

डबरा (HRIDAY STAMBH): ग्वालियर-झांसी हाईवे पर बीते दिन एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। स्कूल से घर लौट रहे दो मासूम भाई-बहन को एक तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने कुचल दिया।

हादसे के बाद का मंजर बेहद भावुक करने वाला था, जहां घायल भाई अपनी लहूलुहान छोटी बहन के सिर को गोद में रखकर सड़क पर बैठा रहा। इस दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय शिवानी ने दम तोड़ दिया, जबकि उसका भाई सुमित अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।

स्कूल से घर लौटते समय पीछे से मारी टक्कर

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हरिपुर गांव के रहने वाले सुमित रावत (15) अपनी छोटी बहन शिवानी रावत (12) को इलेक्ट्रिक स्कूटी पर बैठाकर वनखण्डेश्वर स्कूल से घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 1 बजे जब वे ग्वालियर-झांसी हाईवे से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार लोडिंग गाड़ी के ड्राइवर ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार दोनों भाई-बहन सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद स्कूटी और दोनों बच्चे लगभग 500 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए।

अनियंत्रित होकर खेत में पलटी लोडिंग गाड़ी

हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। लोहे के सरिए और भारी गाटरों से लदी लोडिंग गाड़ी सड़क किनारे एक खेत में जाकर पलट गई। गाड़ी में भरा सारा सामान सड़क पर बिखर गया।

​भाई की गोद में तड़पती रही बहन, ग्वालियर ले जाते समय तोड़ा दम

दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घायल सुमित अपनी छोटी बहन शिवानी को सड़क पर अपनी गोद में लेकर बैठा रहा। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चों को तुरंत एक ई-रिक्शा में लादकर डबरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत ग्वालियर रेफर कर दिया। लेकिन बेहद अफसोसजनक रहा कि ग्वालियर के रास्ते में ही 12 वर्षीय शिवानी ने दम तोड़ दिया।

सुमित और शिवानी अपने माता-पिता के इकलौते बेटे-बेटी थे। दोनों भाई-बहन के बीच बेहद गहरा स्नेह था। शिवानी की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस की कार्रवाई: आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार

डबरा थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना के कुछ ही समय बाद आरोपी लोडिंग वाहन चालक को उसके वाहन सहित हिरासत में ले लिया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दूसरी ओर, घायल सुमित का इलाज अभी भी ग्वालियर के अस्पताल में जारी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

 

Dabra highway accident brother sister

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *