डबरा भितरवार ब्रेकिंग: अवैध रेत उत्खनन पर जिला प्रशासन का बड़ा एक्शन

डबरा/भितरवार

भितरवार

पार्वती नदी में पनडुब्बी नष्ट, रास्ता भी खोदा

भितरवार (HRIDAY STAMBH): भितरवार क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन (Illegal Sand Mining) के खिलाफ जिला प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है।

ग्वालियर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के सख्त निर्देशों के बाद प्रशासनिक टीम ने ग्राम लोडी स्थित पार्वती नदी के घाट पर औचक छापा मारा। इस दौरान नदी से अवैध रूप से रेत निकालने के लिए इस्तेमाल की जा रही एक भारी-भरकम पनडुब्बी (मशीन) को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

एसडीएम और नायब तहसीलदार के नेतृत्व में संयुक्त कार्रवाई

यह संयुक्त कार्रवाई एसडीएम भितरवार श्री राजीव समाधिया एवं नायब तहसीलदार श्री हरनाम सिंह के नेतृत्व में दल-बल के साथ की गई। प्रशासनिक टीम ने ग्राम लोडी पहुंचकर सबसे पहले पूरे खनन स्थल की घेराबंदी की।

रेत माफियाओं द्वारा नदी के पानी से रेत खींचने के लिए इस्तेमाल की जा रही पनडुब्बी मशीन को पूरी तरह से कबाड़ में तब्दील कर दिया गया, ताकि इसका दोबारा उपयोग न किया जा सके।

​जेसीबी से काटा रास्ता, परिवहन तंत्र पर प्रहार

कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए प्रशासन ने रेत माफियाओं के परिवहन तंत्र पर भी करारा प्रहार किया है। डंपर, ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अन्य भारी वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह रोकने के लिए नदी तक जाने वाले मुख्य रास्ते को जेसीबी मशीन से गहरा काटकर बंद करा दिया गया। इस कदम से भविष्य में अवैध वाहनों के आने-जाने का मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है।

प्रशासन की सख्त चेतावनी

जिला प्रशासन ने चेतावनी जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि जिले की सीमाओं के भीतर किसी भी प्रकार का अवैध रेत उत्खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रेत के इस अवैध कारोबार और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ इसी प्रकार की सख्त, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Dabra Sand Mining Action

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *