डबरा ब्रेकिंग: नकली धान बीज से जोरा के किसानों की 15 लाख की फसल चौपट

डबरा/भितरवार

डबरा

अनूप और अर्जुन ट्रेडिंग पर गंभीर आरोप, आंदोलन की चेतावनी

डबरा (HRIDAY STAMBH):डबरा कृषि उपज मंडी की दो दुकानों द्वारा गलत धान बीज बेचने का एक बड़ा मामला सामने आया है। भितरवार ब्लॉक के ग्राम जोरा के किसानों ने मंडी स्थित ‘अनूप ट्रेडिंग’ और ‘अर्जुन ट्रेडिंग’ पर अमानक/गलत किस्म का धान बीज बेचने का आरोप लगाया है। गलत बीज रोपने के कारण किसानों की करीब 15 लाख रुपये की फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है।

पीड़ित किसानों ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से लिखित शिकायत दर्ज कराकर सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है। न्याय न मिलने की स्थिति में किसानों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

​₹5000 प्रति क्विंटल खरीदा था ‘1509’ किस्म का बीज

पीड़ित किसान राजाराम, ओमप्रकाश शर्मा, देवी सिंह और भगवानदास ने बताया कि उन्होंने मार्च महीने में गर्मी (जायद) की धान की बुवाई के लिए डबरा मंडी से ₹5,000 प्रति क्विंटल की दर से दो-दो क्विंटल बीज खरीदा था। दुकानदारों ने इसे प्रसिद्ध ‘1509’ धान किस्म का बीज बताकर बेचा था।

किसान रामअवतार और ओमप्रकाश के अनुसार

“फसल बोए हुए चार महीने से अधिक का समय बीत चुका है। खेत में धान के पौधे तो बड़े हो गए हैं, लेकिन उनमें बालियां (बाली) ही नहीं निकल रही हैं। बीज, खाद, सिंचाई और मजदूरी में हमारी जिंदगी भर की जमा पूंजी डूब गई है।”

शिकायत लेकर पहुंचे तो मिली धमकी, अन्नदाताओं में भारी आक्रोश

किसानों का आरोप है कि जब वे अपनी शिकायत लेकर दुकान मालिक पूरन कुशवाह के पास पहुंचे, तो उसने अपनी गलती मानने के बजाय किसानों को डांटकर भगा दिया और उनके साथ अभद्रता करते हुए धमकी दी।

व्यापारी के इस रवैये से पूरे क्षेत्र के किसानों में आक्रोश व्यापत है। बुधवार को परेशान होकर किसानों ने एक जुट होकर मध्य प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव, ग्वालियर कलेक्टर, एसपी, भितरवार एसडीएम और कृषि विभाग के उच्च अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजा है।

कृषि विभाग की टीम करेगी खेतों की जांच: वरिष्ठ कृषि अधिकारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी गौरव दीक्षित ने कहा:

“किसानों की लिखित शिकायत प्राप्त हो गई है। कृषि विभाग की एक विशेष टीम जल्द ही जोरा गांव जाकर प्रभावित खेतों और फसलों का निरीक्षण (Inspection) करेगी। यदि बीज में किसी भी प्रकार की मिलावट या अमानकता पाई जाती है, तो संबंधित फर्म और दुकानदारों के खिलाफ नियम अनुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *