दतिया (HRIDAY STAMBH):विधानसभा उपचुनाव के बीच सोशल मीडिया पर एक विवादित वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला के सामने ‘लठ्ठ चलाकर वोट डलवाने’ की बात कह रहा है, जिस पर मंत्री उसकी पीठ थपथपाते दिखे। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर भाजपा को घेरा है।
उपचुनाव से ठीक पहले मध्य प्रदेश की राजनीति में एक नए विवाद ने जन्म ले लिया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राजनीतिक माहौल को पूरी तरह से गर्मा दिया है। वायरल वीडियो में एक युवक खुलेआम “लठ्ठ चलाकर वोट डलवाने” और मारपीट करने की बात कहता सुनाई दे रहा है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जब युवक यह बयान दे रहा था, तब राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला वहीं मौजूद थे और वे उसकी बात सुनकर शाबाशी देते हुए नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है, हालांकि भाजपा की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
बड़ौनी इलाके का बताया जा रहा वायरल वीडियो
वायरल वीडियो दतिया विधानसभा क्षेत्र के बड़ौनी इलाके का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला सोमवार और मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में जनसंपर्क अभियान चला रहे थे। इसी दौरान रिकॉर्ड हुए इस वीडियो में एक युवक मंत्री से कहता सुनाई देता है
कि वह “लठ्ठ के दम पर वोट डलवाएगा, मारपीट करेगा और लोगों को पकड़कर वोट डलवाएगा।” इस पर मंत्री “अरे वाह” कहते हुए युवक की पीठ थपथपाते नजर आते हैं। इसके बाद युवक यह भी कहता है कि बाद में ऐसा न हो कि आप ही पीछे हट जाएं।
कांग्रेस का पलटवार: पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने घेरा
वीडियो के सोशल मीडिया पर आते ही कांग्रेस ने इसे एक बड़ा चुनावी मुद्दा बना लिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए।
सज्जन सिंह वर्मा का बयान
“भारतीय जनता पार्टी की राजनीति पूरी तरह से डर, दबाव, हिंसा और सत्ता हासिल करने की भूखी मानसिकता पर आधारित है। लोकतंत्र में गुंडागर्दी और इस तरह की सोच के लिए कोई जगह नहीं है। दतिया की जनता यह सब देख रही है और चुनाव में इसका सही जवाब देगी।”
