डबरा,
डबरा(HRIDAY STAMBH);कोटरा रेलवे खंड पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ 18 वर्षीय स्कूली/कोचिंग छात्र रेलवे ट्रैक के पास गंभीर हालत में मिला। इलाज के दौरान छात्र ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस और रेलवे पुलिस (GRP) मामले की संयुक्त जांच में जुट गई है।
कोचिंग के लिए निकला था छात्र
मृतक छात्र की पहचान दतिया जिले के मेधौरा सुनारी निवासी नामित रावत (18) के रूप में हुई है, जो कक्षा 11वीं का छात्र था। परिजनों के अनुसार, नामित शुक्रवार सुबह अपने गांव से बाइक लेकर रोजाना की तरह डबरा कोचिंग पढ़ने निकला था। उसके बैग से कोचिंग की किताबें, नोट्स और पहचान पत्र मिले हैं। परिजनों ने बताया कि वह समय पर कोचिंग पहुँचने की बात कहकर निकला था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की दुखद खबर आई।
रेलवे कर्मचारी ने देखा, RPF ने पहुँचाया अस्पताल
घटना डबरा-कोटरा रेलवे खंड की किलोमीटर संख्या 1178/28 से 1179/2 के बीच सुबह करीब 8:25 बजे की है। ट्रैक के पास घायल अवस्था में पड़े छात्र पर रेलवे कर्मचारी मुकेश मीणा की नज़र पड़ी। उन्होंने तुरंत डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट (डबरा) को सूचना दी। इसके बाद आरपीएफ (RPF) डबरा की टीम मौके पर पहुँची और एंबुलेंस के ज़रिए छात्र को डबरा के सिटी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल से मिली बिना नंबर की बाइक
घटनास्थल के पास ही एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल खड़ी मिली, जिसकी पहचान अस्पताल पहुँचे छात्र के पिता और फूफा ने नामित की बाइक के रूप में की। परिजन इस बात से स्तब्ध हैं कि रोजाना सीधे कोचिंग जाने वाला नामित रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुँचा।
दुर्घटना या आत्महत्या? पुलिस जांच जारी
शुरुआती कयासों में छात्र के ट्रेन की चपेट में आने या तीसरी लाइन पर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस और रेलवे प्रशासन ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
डबरा सिटी कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों व सहपाठियों के बयान दर्ज होने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

