डबरा
डबरा(HRIDAY STAMBH);
डबरा देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पठा पनिहार से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ मोरम खदान के पानी से लबालब भरे एक गहरे गड्ढे में नहाने गया 10 वर्षीय मासूम बालक अचानक गहरे पानी में समा गया और डूब गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बालक अपने दोस्तों के साथ खेलने और नहाने के लिए खदान के पास गया हुआ था। नहाते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया या गहराई का अंदाजा न होने के कारण वह गहरे पानी में चला गया। दोस्तों ने जब उसे डूबते देखा तो गाँव में जाकर शोर मचाया, जिसके बाद हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची और स्थिति को संभाला। राहत व बचाव कार्य के लिए SDERF (स्टेट डिजास्टर इमरजेंसी रिस्पॉन्स फोर्स) की विशेष रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया।
फिलहाल, SDERF की टीम और स्थानीय गोताखोर पानी में डूबे मासूम बालक की तलाश के लिए संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। पानी की गहराई अधिक होने के कारण तलाश में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन टीम लगातार बालक को खोजने के प्रयास में जुटी हुई है। गाँव में इस घटना के बाद से मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
