डबरा
कल से आमरण अनशन का ऐलान
डबरा (HRIDAY STAMBH):नगर में बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी और विकास कार्यों के ठप पड़ने से आक्रोशित पार्षदों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोए हुए प्रशासनिक तंत्र को जगाने के लिए पार्षदों ने ‘भैंस के आगे बीन बजाकर’ एक अनोखा सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया।
विकास कार्य ठप, जनसमस्याओं से त्रस्त नागरिक
प्रदर्शनकारी पार्षदों का आरोप है कि शहर में बुनियादी समस्याओं का ढेर लग चुका है। सड़क, सफाई, पानी जैसी मौलिक सुविधाओं के लिए आम जनता परेशान हो रही है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह उदासीन बना हुआ है। इस अनोखे प्रदर्शन के बाद भी प्रशासन या शासन का कोई भी जिम्मेदार नुमाइंदा पार्षदों से बातचीत करने नहीं पहुंचा।
कल से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन का ऐलान
प्रशासनिक अनदेखी से नाराज पार्षदों ने अब अपने आंदोलन को उग्र करने का फैसला किया है। पार्षद सुमित साहू, पूर्व पार्षदों और पार्षद पतियों ने चेतावनी दी है कि यदि जनसमस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे कल से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू करेंगे। पार्षदों के इस कड़े रुख से स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
Dabra Nagar Palika Protest
