डबरा,
डबरा(HRIDAY STAMBH);सिटी थाना पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ एक बड़ी और महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके कब्जे से अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई कुल 22 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।
एसडीओपी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) सौरभ कुमार के मार्गदर्शन में अमल में लाई गई। घटनाक्रम के अनुसार, क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए सिटी थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संजय शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम लगातार संदिग्ध गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों पर नजर बनाए हुए थी।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
पुलिस को यह बड़ी कामयाबी इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के बाद हासिल हुई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की और घेराबंदी कर गिरोह के तीन सदस्यों को हिरासत में ले लिया। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने बाइक चोरी की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश तक फैला था नेटवर्क
प्रारंभिक पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है कि यह गिरोह न केवल मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों, बल्कि पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के कई शहरों और ग्रामीण इलाकों में भी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। गिरोह के सदस्य रेकी करने के बाद पलक झपकते ही बाइक पार कर देते थे और उन्हें ठिकाने लगा देते थे।
बड़े नेटवर्क के खुलासे की संभावना
फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से भी इन गाड़ियों का मिलान किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान बाइक चोरी और खरीद-फरोख्त से जुड़े एक बहुत बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है, जिसमें कुछ अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आने की उम्मीद है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।n



